रोहतक। दिल्ली रोड पर बजरंग भवन स्थित रेलवे एलिवेटेड ट्रैक के पास वाहनों को कुछ दिन और दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। दिनभर वाहनों का अधिक आवागमन रहने से पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) दिन में कार्य पूरा ना के बराबर ही कर पा रहा है। इसके लिए विभाग देर शाम तक कार्य कर रहा है।
30 मार्च को पीडब्ल्यूडी की ओर से रेलवे एलिवेटेड ट्रैक के नीचे एक तरफ खोदाई का कार्य किया जा रहा है। हालांकि, इससे पहले 23 मार्च से दोनों तरफ 100 मीटर की दूरी पर खोदाई की गई हैं। जिससे इस इलाके में जाम की समस्या बनी हुई है। पीडब्ल्यूडी ने डी-पार्क से अशोक चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर भी एक लेन में वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता बनाया। जबकि इसी मार्ग पर भी कार्य अधूरा ही है। वहीं, सोमवार को भी दिनभर डी-पार्क से लेकर बजरंग भवन एलिवेटेड ट्रैक तक जाम की स्थिति रही। पुलिस प्रशासन ने भी 100 मीटर की दूरी तक वाहनों को एक लाइन में चलने के लिए अनुरोध किया। ऐसे में लघु सचिवालय तक बसों के संचालन में थोड़ा समय ओर लग सकता है। तंग रास्ता होने से वाहन चालकों और राहगीरों जाम की परेशानी उठानी पड़ रही है।
आपातकालीन वाहनों के लिए बढ़ी परेशानी :
अगले एक सप्ताह ओर वाहनों को रेलवे एलिवेटेड ट्रैक के नीचे से निकलने के लिए दिक्कतें आएंगी। वहीं, सोमवार को ट्रैक से करीब 500 मीटर की दूरी जाम की स्थित देखी गई। इस दौरान आपातकालीन वाहन एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही। यह अनुमान लगाया जा सकता है सड़क निर्माण परिस्थिति कछ दिन ओर रहने वाली है।
सोनीपत रोड से वाया डी-पार्क से निकले वाहन :
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का दावा है कि एक सप्ताह में सड़क निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। फिलहाल, एक लाइन का खोदाई का कार्य पूरा होने के बाद दूसरे लाइन का खोदाई कार्य किया जाएगा। इसके लिए पुलिस प्रशासन का अनुरोध है कि दिल्ली रोड से सरकारी कार्यालय और किलारोड की ओर से जाने वाले राहगीर सोनीपत रोड से वाया डी-पार्क होते हुए निकले।
वर्जन :
एक तरफ का खोदाई कार्य पूरा होने के बाद ही दूसरी ओर का खोदाई कार्य किया जाएगा। डी-पार्क से अशोका चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर खोदाई कार्य पहले किया जाएगा।
- अरुण कुमार, एक्सईन, पीडब्ल्यूडी।
-
दिल्ली रोड से लघु सचिवालय सहित अन्य सरकारी कार्यालयों की ओर जाने वाले वाहन चालक जाम की स्थिति से बचने के लिए सोनीपत रोड वाया डी-पार्क से आवागमन कर सकते हैं, ताकि जाम स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके।
- प्रशांत कुमार, निरीक्षक यातायात थाना।