गवर्निंग बॉडी की मीटिंग के एजेंडे में रखे गए 34 मुद्दे
- फोटो : amar ujala
वैश्य संस्था की नई गवर्निंग बॉडी की तीसरी बैठक रविवार को वैश्य कॉलेज में हुई। लगभग चार घंटे तक चली बैठक के एजेंडे में 34 मुद्दे रखे गए, जिसमें अधिकतर ध्वनि मत से पारित कर दिए गए, जबकि कुछ मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी।
प्रधान राजेंद्र बंसल की अध्यक्षता में बैठक दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे शुरू हुई, जो लगभग चार बजे से अधिक समय तक चली। मीटिंग के दौरान एजेंडे में 34 मुद्दे रखे गए। इसमें पहला मुद्दा था पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टी। पिछली बैठक में बनाई गई पांच सदस्य चयन समिति को भंग कर उसमें दो नए और सदस्य जोड़ने का प्रस्ताव पारित कर दिया गया। वैश्य कॉलेज ऑफ लॉ और वैश्य कॉलेज के प्राचार्य को लेकर चल रही जांच में कमेटी को दीपावली पर अवकाश होने के कारण दस दिन का समय और दिया गया। सोसायटी द्वारा संचालित गैर जरूरत के खातों को बंद किया जाए, स्वयं वित्त पोषित स्कमी के तहत कार्यरत कर्मचारियों के लिए अवकाश नियमावली बनाई जाए और संस्था के नए आजीवन सदस्य और लंबित आवेदन कर्ताओं को सदस्यता प्रदान की जाए। इसके अलावा संस्था के स्कूल-कॉलेजों में आईडी कार्ड और बायोमेट्रिक उपस्थिति सिस्टम शुरू करने पर भी प्रस्ताव पारित हुआ। वैश्य इंजीनियरिंग कॉलेज में स्टाफ की नियुक्ति की जिम्मेदारी कमेटी को दी गई और अतिरिक्त स्टाफ को हटाने पर भी मंजूरी दे दी गई। संस्था में केंद्रीय पुस्तकालय और इंडोर स्वीमिंग पुल के प्रस्ताव को रद्द कर दिया गया और महाराजा क्रिकेट एकेडमी को चालू करने पर सहमति दे दी गई। इसके अलावा भी कई स्कूल-कॉलेजों में नए कोर्स और उनकी कक्षाएं बढ़ाने के प्रस्तावों को हरी झंडी दे दी गई। बैठक में 19 सदस्य शामिल हुए, जबकि कॉलेजियम सदस्य सुरेश गुप्ता समेत दो सदस्य शामिल नहीं हो सके।
वैश्य संस्था के सदस्यों को लेकर हाईकोर्ट की डबल बैंच में याचिका दायर
रोहतक। वैश्य संस्था का विवादों से पीछा नहीं छूट रहा है। भ्रष्ट सदस्यों की सदस्यता खत्म करने के मामले में अब कॉलेजियम सदस्य सुरेश गुप्ता ने हाईकोर्ट की डबल बैंच में याचिका दायर की है। इससे पहले उन्होंने सिंगल बैंच में केस दायर किया था, जिसमें हाईकोर्ट ने केस खारिज कर दिया था। इसके बाद कॉलेजियम सदस्य ने डबल बैंच में याचिका दायर की है, जिसमें तीन फरवरी को सुनवाई की तारीख दी गई है। कॉलेजियम सदस्य की मांग है कि संस्था के भ्रष्ट सदस्यों की सदस्यता खत्म होनी चाहिए। इसके बाद नए सिरे से चुनाव कराकर गवर्निंग बॉडी बनाई जाए। वहीं, कॉलेजियम सदस्य ने गवर्निंग बॉडी के एक पदाधिकारी पर कॉलेज में कार्यरत बेटे की तनख्वाह गलत तरीके से बढ़ाने का भी आरोप लगाया है।
यह बोले प्रधान
गवर्निंग बॉडी की मीटिंग शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुई। संस्था के विकास कार्यों को लेकर प्रस्तावों पर सहमति बन गई है। कॉलेजियम सदस्य सुरेश गुप्ता द्वारा याचिका दायर करने का मामला जानकारी में नहीं है। उन्हें कुछ लोग मोहरा बना रहे हैं।
- राजेंद्र बंसल, प्रधान, वैश्य संस्था, रोहतक।