सांपला। इलाके में 14 वर्ष पूरे कर चुकीं 587 किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीका लगाया जाएगा। सोमवार को इस अभियान की शुरुआत की गई। एसएमओ डाॅ. रीटा गोयल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) से बचाव व सर्वाइकल कैंसर से रोकथाम के लिए विशेष टीकाकरण अभियान चलाया है।
सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) की रोकथाम के लिए लगने वाला महंगा टीका किशोरियों को निशुल्क लगेगा। बताया कि किशोरियों में सर्वाइकल कैंसर को टीकाकरण के जरिए रोका जा सकता है। इस वैक्सीन के बाद किशोरियों में सर्वाइकल कैंसर का खतरा 95 फीसदी तक कम हो जाएगा।
वैक्सीन लगाने से पूर्व किशोरियों का पंजीकरण होगा। इसके लिए आधार कार्ड व आधार कार्ड से लिंक मोबाइल साथ लेकर आना होगा। इस अभियान में आशा वर्कर का सहयोग लिया जा रहा है।