रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) में आयोजित इंटर कॉलेज क्रिकेट प्रतियोगिता में यूटीडी एमडीयू ने प्रथम, जाट कॉलेज रोहतक ने द्वितीय व वैश्य कॉलेज रोहतक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नेकीराम कॉलेज रोहतक ने चौथा स्थान प्राप्त किया।
खेल निदेशक डॉ. शकुंतला बेनीवाल ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने आगे भी शानदार प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। कोच मुकेश गोयल ने बताया कि शुक्रवार को फाइनल मैच में यूटीडी एमडीयू ने जाट कॉलेज रोहतक को 159 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूटीडी एमडीयू ने 35 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 232 रन बनाए।
एमडीयू की ओर से मयंक दहिया ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 111 रन व अभिषेक ने 54 रन बनाए। जाट कॉलेज की ओर से वैदिक ने तीन व वंश ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए जाट कॉलेज की टीम 73 रन पर ऑलआउट हो गई व एमडीयू ने 159 रन से मैच जीता। जाट कॉलेज की ओर से वैदिक ने 15 रन बनाए। एमडीयू की ओर से गौरव ने तीन व नितेश ने दो विकेट लिए।