टिटौली गांव में मंगलवार को जमीन के लिए एक युवक ने अपने अविवाहित छोटे भाई की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश करेगी।
पुलिस के मुताबिक टिटौली गांव निवासी जयबीर ने बताया कि उसके ताऊ सूबे सिंह को पांच पुत्र थे। इनमें से तीन की पहले ही मौत हो चुकी है। इसके बाद राकेश (35) व सुरेंद्र उर्फ काला बचे थे। राकेश अविवाहित था और गांव के अड्डे पर बने घर में रहता था। सुरेंद्र की शादी हो चुकी है। जयबीर ने बताया कि राकेश की मौत की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचा था। यहां उसने देखा कि राकेश गिरा पड़ा है। साथ ही उसके गले पर चोट के निशान थे। उसने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डेढ़ माह पहले बेची थी 17 लाख में आधा एकड़ जमीन
एसपी ने मामले की जांच के लिए सीआईए टू व सदर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की है। डीएसपी सज्जन कुमार ने बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि राकेश व सुरेंद्र के पास सवा दो एकड़ जमीन थी। तीन भाइयों की मौत हो चुकी है। अविवाहित राकेश ने डेढ़ माह पहले अपने हिस्से की आधा एकड़ जमीन 17 लाख रुपये में बेच दी थी। इसको लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस ने राकेश के बड़े भाई सुरेंद्र उर्फ काला से पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि राकेेश की हत्या जमीन को लेकर हुई है। अब पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। पता लगाया जा रहा है कि वारदात सुरेंद्र ने अकेले अंजाम दी या अन्य भी शामिल हैं।
जमीन को लेकर 22 दिन में तीसरी हत्या
जिले में जमीन को लेकर पिछले 22 दिन में तीन की हत्या हो चुकी हैं। 24 मई की सुबह सांघी गांव में खेतों के रास्ते को लेकर 25 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप में पुलिस ने परिवार के तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। उसी दिन बहुअकबरपुर गांव में जमीन को लेकर एक युवक की तेजधार हथियार से हत्या की गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में उससे ताऊ के लड़के को गिरफ्तार किया था। अब टिटौली गांव में छोटे भाई की हत्या के आरोप में बड़े भाई को गिरफ्तार किया गया है।
टिटौली गांव में जमीन के विवाद को लेकर राकेश की हत्या की गई है। मामले में मृतक के बड़े भाई सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में कोई अन्य भी शामिल है या नहीं।
-सज्जन सिंह, डीएसपी