जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार में कमी आई है। मंगलवार को एक डॉक्टर समेत सात लोग पॉजिटिव मिले। वहीं एक छात्र की मौत हो गई। कोराना के सक्रिय मरीजों की संख्या 107 रह गई हैं। इनमें से 45 मरीज अस्पतालों में और 62 घरों में एकांतवास में उपचाराधीन हैं। वहीं रिकवरी रेट 97.50 और संक्रमण दर 5.68 प्रतिशत पर पहुंच गया है। कोरोना से टिटौली के 24 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। वहीं जिले में अब तक कोरोना से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 536 पर पहुंच गया है। कोरोना की अब तक चार लाख 52 हजार 738 लोगों के सैंपल जांच के लिए गए। इनमें से चार लाख 26 हजार 866 निगेटिव और 25 हजार 746 पॉजिटिव मिले। मंगलवार को अलग-अलग केंद्रों से 674 सैंपल जांच के लिए भेजे गए। पीजीआईएमएस के जनसंपर्क विभाग के कार्यकारी इंचार्ज डॉ. गजेंद्र सिंह ने बताया कि कोविड-19 ट्रॉमा सेंटर में कोरोना संक्रमित 26 मरीज भर्ती हैं, जिनमें से 11 का आईसीयू में उपचार जारी है।
ब्लैक फंगस से एक की मौत, 11 का हुआ ऑपरेशन
पीजीआईएमएस में भर्ती ब्लैक फंगस के एक मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं उपचाराधीन 189 मरीजों में से 11 का ऑपरेशन किया गया। डॉ. गजेंद्र सिंह ने बताया कि पीजीआईएमएस में ब्लैक फंगस के 189 मरीज भर्ती हैं। इनमें से 11 मरीजों के ऑपरेशन किए गए हैं। मंगलवार को उपचार के दौरान सोनीपत के 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उपचार के लिए 502 इंजेक्शन मिले हैं, जो मरीजों को लगा दिए गए।