संवाद न्यूज एजेंसी
महम (रोहतक)। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रों व अन्य युवाओं के नुकसान को देखते हुए उनके हित में त्याग किया है। सरकार हर कदम पर युवाओं के हितों की रक्षा के लिए तत्पर है।
रविवार को महम में आयोजित महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती एवं सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे जेल व सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भविष्य में पेपर लीक को रोकने के लिए सरकार ने कठोर कानून बनाया है। मंत्री ने समाज की मांग पर कुम्हार धर्मशाला के लिए 21 लाख की सहायता राशि देने की घोषणा की।
महम नगर पालिका चेयरमैन से बात कर फरमाणा चुंगी का नाम महाराजा दक्ष प्रजापति कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कुम्हार समाज कमेरा, व्यावहारिक व ईमानदार समाज के रूप में जाना जाता है। इनको मिट्टी के बर्तन पकाने के लिए इलेक्ट्रिक आवे, मिट्टी व अन्य सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बात की जाएगी।
कार्यक्रम में कुम्हार समाज के होनहारों सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सत्यव्रत मालवाल ने की जबकि संदीप प्रजापति उपाध्यक्ष रहे। प्रधान धर्मवीर दुरहान ने कहा कि महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती आषाढ़ मास की पूर्णिमा को मनाई जाती है। पू
र्व राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि कुम्हार समाज सबसे पहला विश्वकर्मा है क्योंकि सबसे पहले मानव ने मिट्टी से अपने उपयोग की वस्तुएं बनानी शुरू की थीं।
राजा मदीना, मदीना सरपंच प्रतिनिधि संदीप दांगी, ब्लॉक समिति चेयरमैन नवनीत राठी, महम मार्केट कमेटी वाइस चेयरमैन लीलू बेडवा, सत्यप्रकाश बिसला, दीपक हुड्डा, ऋषि भारद्वाज, राकेश भारद्वाज, जोगिंदर गिरौत्रा, कृष्ण प्रजापति सहित दक्ष प्रजापति समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।