संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। प्रदेश के कॉलेजों में यूजी प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए उच्च शिक्षा विभाग एक बार फिर ऑनलाइन पोर्टल खोलने जा रहा है। शनिवार को खाली सीटों के लिए फिजिकल काउंसिलिंग के बाद रविवार से पोर्टल दोबारा खुलेगा। अब नए विद्यार्थी पंजीकरण कर आवेदन कर सकेंगे।
पहले आवेदन कर चुके विद्यार्थियों को भी अपने फॉर्म में हुई गलतियां सुधारने का मौका मिलेगा। विभाग यूजी दाखिले की आवेदन तिथि तीन बार बढ़ा चुका है, इसके बावजूद खाली सीटें रह जाने पर अब प्रवेश प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। इससे उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी जिनके फॉर्म में नाम, विषय, कॉलेज चयन या अन्य जानकारी भरने में गलती रह गई थी।
10 से 16 अगस्त तक फिजिकल काउंसिलिंग के जरिये खाली सीटों पर दाखिले होंगे। इस दौरान विद्यार्थियों को नियमित प्रक्रिया के साथ 100 रुपये लेट फीस देनी होगी।
इसके बाद 17 से 23 अगस्त तक भी खाली सीटों पर फिजिकल काउंसिलिंग जारी रहेगी। इस अवधि में 100 रुपये लेट फीस के साथ 100 रुपये प्रतिदिन अतिरिक्त शुल्क देना होगा। अंतिम दिनों तक इंतजार करने वाले विद्यार्थियों को ज्यादा शुल्क देना पड़ेगा।
11 से शुरू होंगी कक्षाएं, दाखिला बाद तक चलते रहेंगे
एमडीयू की ओर से जारी अकादमिक कैलेंडर के अनुसार संबद्ध कॉलेजों में यूजी-पीजी का पहला शिक्षण सत्र 11 अगस्त से शुरू होगा। पहला शिक्षण सत्र 31 अक्तूबर तक चलेगा। इसके बावजूद खाली सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया 23 अगस्त तक जारी रहेगी। ऐसे में बाद में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को छूटी हुई पढ़ाई पूरी करनी होगी। 10 नवंबर से 6 दिसंबर तक दूसरा शिक्षण सत्र चलेगा। इसके बाद 7 दिसंबर से थ्योरी और प्रैक्टिकल परीक्षाएं शुरू होंगी।
-
फिजिकल काउंसिलिंग में राजकीय महिला कॉलेज सबसे आगे, 105 दाखिले हुए
प्रदेश भर में शनिवार को हुई फिजिकल काउंसिलिंग में पहले नंबर पर राजकीय महिला कॉलेज में सबसे ज्यादा 105 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। इसके बाद में नेकीराम शर्मा राजकीय महाविद्यालय में 34, राजकीय कॉलेज सांपला में 16, राजकीय कॉलेज महम में 4, राजकीय कॉलेज लाखनमाजरा में 4, राजकीय कॉलेज जसिया में 3, राजकीय मोखरा में 1 छात्र ने दाखिला लिया।