संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) ओम प्रकाश चौधरी का शनिवार को सोनीपत में अंतिम संस्कार किया गया। वीरवार रात सोनीपत में उनका निधन हो गया था। उनके पुत्र अमरदीप चौधरी ने मुखाग्नि दी जिसमें परिजन और सैकड़ों लोग शामिल हुए।
भारतीय थल सेना के आर्मी एजुकेशन कॉर्प्स के अधिकारी ब्रिगेडियर चौधरी के पार्थिव शरीर पर लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक सिंह तोमर ने सेना की ओर से पुष्पचक्र अर्पित किया। एमडीयू की ओर से निदेशक खेल कुलताज सिंह और निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी ने पुष्प सुमन अर्पित किए।
एमडीयू के पूर्व कुलसचिव खजान सिंह सांगवान, सतपाल सिंह दहिया, सेवानिवृत्त प्रोफेसर रणबीर सिंह गुलिया और कार्यकारी अभियंता बलजीत सिंह भी उपस्थित थे। कुलपति के पूर्व सचिव उमेद सिंह दलाल, एमडीयू शिक्षक संघ के पूर्व प्रधान सोमबीर राठी और गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के पूर्व प्रधान बलराज सिंह भी शामिल हुए।
सेवानिवृत्त कर्मी महा सिंह हुड्डा, हेमचंद देशवाल और राजकीय महाविद्यालय सांपला के प्राध्यापक दीपक लठवाल समेत सैकड़ों लोगों ने अंतिम यात्रा में भाग लिया।
1991 से 1994 तक एमडीयू के कुलपति रहे
ब्रिगेडियर चौधरी 23 फरवरी 1991 से 22 फरवरी 1994 तक एमडीयू के कुलपति रहे। उन्होंने विवि के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके कार्यकाल में लोक प्रशासन, शारीरिक शिक्षा, सांख्यिकी, रक्षा एवं सामरिक अध्ययन जैसे नए विभागों का सृजन हुआ। विवि की आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। इनमें फैकल्टी हाउस, आंबेडकर हॉल, तरणताल और दूरस्थ शिक्षा निदेशालय भवन समेत अन्य शैक्षणिक भवन शामिल हैं। गैर शैक्षणिक पदों तथा शिक्षकों की भर्ती भी उन्होंने सुनिश्चित की। विधि संकाय का राष्ट्रमंडल सम्मेलन भी उनके कार्यकाल में आयोजित किया गया। ब्रिगेडियर चौधरी वर्ष 2003 से 2006 तक हरियाणा शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष रहे। उन्होंने राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज के कमांडर के रूप में भी सेवा दी। वे मोतीलाल नेहरू स्पोर्ट्स स्कूल, राई के निदेशक भी रहे।