संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) परिसर में बुलेट बाइक सवार दो युवकों पर एक माह से छात्राओं का पीछा करने व उनसे अभद्रता करने का आरोप है। पुलिस ने दोनों आरोपी युवकों को हिरासत में ले लिया है। उनकी बाइक भी जब्त कर ली है।
एमडीयू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बयान के मुताबिक, दो युवक एक महीने से छात्राओं का पीछा कर रहे थे। आरोप है कि वीरवार को जब दो छात्राएं अपने विभाग से दूसरे विभाग की ओर जा रही थीं तो इनका पीछा किया गया। राजकीय महिला कॉलेज जाने पर भी बाइक सवार इनके पीछे-पीछे गए। विवि परिसर में वापस आने पर भी आरोपी युवकों ने छात्राओं का पीछा करना नहीं छोड़ा।
एबीवीपी (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) के कार्यकर्ताओं ने आरोपी युवकों का विरोध किया तो उन्होंने कथित तौर पर धमकी दी। उन्होंने कहा कि हम तो ऐसे ही आएंगे, ऐसे ही जाएंगे। जब परिसर में कई विद्यार्थी एकत्र हुए तो दोनों युवक बाइक छोड़कर भाग गए।
इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं व छात्राओं ने तुरंत विश्वविद्यालय सिक्योरिटी ऑफिस में घटना की सूचना दी और कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिक्योरिटी इंचार्ज तरुण शर्मा ने विवि प्रशासन की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
सिक्योरिटी ऑफिसर तरुण शर्मा की ओर से शिकायत आई थी। बुलेट बाइक पर दो युवक विवि में चक्कर लगा रहे हैं। इससे विवि का माहौल खराब हो रहा है। इस संबंध दो युवकों को आवारागर्दी के आरोप में हिरासत में लिया गया है। एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया के निर्देश पर यह अभियान जारी रहेगा।
- रोशन लाल, प्रभारी, पीजीआई थाना