रोहतक। गांव बहुअकबरपुर में आठ दिन पहले दो चोरों ने पहले रेकी की फिर पांच साल की बच्ची को घर के दरवाजे पर निगरानी को खड़ा कर आभूषण चोरी कर ले गए। इस बारे में पीड़ित परिवार ने पुलिस को शिकायत दी थी। मंगलवार को पुलिस ने जांच के बाद एक नामजद समेत दो पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि 4 मई को वह लकड़ी लेने पड़ोस में गई थी। घर पर उसकी पांच साल की बेटी थी। जब वे लौटी तो बेटी दरवाजे पर खड़ी थी। इस दौरान दो युवक कमरों में घूसे थे जो उसे देखकर भाग निकले। जब उसने उनका पीछा किया तो एक आरोपी ने पिस्तौल दिखाकर डरा दिया और बाइक पर फरार हो गए।
बहु अकबरपुर निवासी महिला पिंकी ने बताया कि इसके बाद घर का सामान चेक किया तो करीब 1.20 लाख कीमत के आभूषण गायब मिले। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक आरोपी को पहचानती है, उसका नाम मदीना निवासी ढीलू है। पिंकी के पति जयभगवान उर्फ कमांडों ने बताया कि वारदात 4 मई दोपहर की है। आरोपी ढीलू उसके अजय नाम के साथी के साथ घर पर आया। घर पर पांच साल की बेटी थी। बेटी के पूछने पर उन्होंने बताया कि वह उसके पापा के दोस्त हैं। जिसे सुनने के बाद बेटी ने दरवाजा खोल दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसकी बेटी को मम्मी-पापा के आने पर आवाज देने की बात कहकर दरवाजे पर खड़ा कर दिया। जयभगवान के अनुसार दोनों में से एक आरोपी दो दिन पहले घर पर रुपये उधार लेने के बहाने आया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामले में तफ्तीश के बाद केस दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है। उनकी तलाश जारी है। आरोपियों के पकड़े जाने पर ही पिस्तौल वाले पहलू से पर्दा उठ पाएगा।
- जितेंद्र कुमार, बहु अकबरपुर थाना प्रभारी।