फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली से एक कार से आती-जाती थी चार एएनएम, जनता कॉलोनी की रहने वाली मिली कोरोना पॉजिटिव

विज्ञापन
विज्ञापन
शहर की जनता कॉलोनी की एक महिला मंगलवार को कोविड-19 से संक्रमित मिली है। वह दिल्ली स्वास्थ्य विभाग में एएनएम के पद पर कार्यरत है। वह शनिवार को ड्यूटी करके रोहतक आई थी। इस दौरान महिला ने बुखार की शिकायत होने पर स्वयं पीजीआईएमएस जाकर कोरोना की जांच कराई थी। मंगलवार देर सायं आई रिपोर्ट में उसके पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम एंबुलेंस से महिला के अलावा उसके पति और तीन बच्चों को सैंपल जांच के लिए पीजीआई ले गई। वहीं मरीज के घर के बाहर क्वारंटीन का पोस्टर चस्पा किया गया है। उधर, स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रशासन ने जनता कॉलोनी को सील कर दिया है।
विज्ञापन

महिला की हिस्ट्री खंगालने पर सामने आया कि वह प्रीतमपुर में कोरोना पॉजिटिव मरीज की केस हिस्ट्री लेने उसके घर गई थी। इसके बाद ड्यूटी खत्म कर जिले की तीन और एएनएम के साथ दिल्ली से कार में आई थी। इसमें एक गढ़ी मोहल्ला, दूसरी एकता कॉलोनी व तीसरी कमला नगर की रहने वाली है। कार को गढ़ी मोहल्ला की रहने वाली एएनएम का पति चलता था। ये सभी अक्सर साथ ही आते-जाते थे। स्वास्थ्य विभाग ने इन तीनों के परिवारों के भी सैंपल जांच के लिए भरे हैं। जनता कॉलोनी के साथ इन तीन कॉलोनियों की भी स्वास्थ्य विभाग बुधवार से स्क्रीनिंग करवाएगा। इसके लिए पीजीआईएमएस व स्वास्थ्य विभाग की रैपिड एक्शन टीम काम करेगी। उधर, डीसी वर्मा ने सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि कंटेनमेंट जोन में घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग, थर्मल स्कैनिंग, टेस्टिंग के लिए टीमें गठित करें। लोगों की लापरवाही ने नगर निगम की पांच कॉलोनियों को संकट में डाल दिया है। स्वास्थ्य विभाग की स्क्रीनिंग के हिसाब से नगर निगम में कोरोना मरीज नहीं था, लेकिन पहले शिव कॉलोनी की महिला पॉजिटिव मिली। इसके बाद मंगलवार को जनता कॉलोनी की महिला संक्रमित मिलने से उसके साथ रहने वाली तीन एएनएम, उनका परिवार और जहां वे रहती हैं वह क्षेत्र खतरे में आ गया है।
बार्डर सील करने के दावों पर फिर उठे सवाल
अटायल के डीटीसी चालक के बाद जनता कॉलोनी में मिली कोरोना पॉजिटिव महिला ने दिल्ली-हरियाणा बार्डर के सील किए जाने के दावों पर सवाल उठा दिया है। यदि बार्डर सील था तो यह दोनों दिल्ली सरकार के कर्मचारी रोहतक कैसे आए गए। महिला स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत होने के बावजूद दिल्ली से कैसे आ गई, जबकि उसे ड्यूटी के बाद दिल्ली में ही रहना चाहिए था। गौरतलब है कि इससे पहले गिरावड़ में सोनीपत से, समचाना में दिल्ली से हरियाणा पुलिस का जवान, शिव कॉलोनी में महिला दिल्ली से आ चुके हैं।
विज्ञापन

पीजीआईएमएस में छह मरीजों की हालत गंभीर
पीजीआईएमएस में उपचाराधीन कोरोना के छह मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। इन्हें लगातार ऑक्सीजन दी जा रही है। इसके अलावा संस्थान में गुरुग्राम, पलवल से पांच गर्भवती महिलाएं आई हैं। कंटेनमेंट जोन के कारण इन सभी को कोरोना संदिग्ध माना जा रहा है। मंगलवार को जच्चा-बच्चा विभाग ने सिजेरियन से एक डिलिवरी कराई है। जच्चा-बच्चा फिलहाल स्वस्थ्य हैं। इनकी कोरोना जांच कराई जाएगी। इसके अलावा मंगलवार रात को आइसोलेशन वार्ड 24 में भर्ती एक महिला को लेबर पेन शुरू हुआ। गर्भवती महिला कोरोना पॉजिटिव है। सूत्रों के अनुसार संस्थान ने इसी वार्ड में महिला की डिलिवरी कराना तय किया है। इसके अलावा दो अन्य गर्भवती महिलाएं इस वार्ड में दाखिल हैं।
पीजीआइ्रएमएस में एक महिला आई है, वह कोरोना पॉजिटिव है। महिला के साथ उसके परिवार के सदस्यों के सैंपल जांच के लिए भरे जाएंगे। इसके अलावा जच्चा-बच्चा विभाग में जो भी गर्भवती महिला गुरुग्राम, पलवल, नूंह से हैं, उन्हें कोरोना संदिग्ध माना जाता है। वार्ड 24 में दाखिल गर्भवती महिला की देर रात तक डिलिवरी होने की संभावना है। यह प्रदेश का पहला कोरोना पॉजिटिव महिला की डिलिवरी कराने का केस होगा। जच्चा-बच्चा विभाग सभी एहतियात के साथ काम कर रहा है।
- डॉ. वरुण अरोड़ा, जनसंपर्क अधिकारी, पीजीआईएमएस
जनता कॉलोनी निवासी एवं दिल्ली की एएनएम कोरोना पॉजिटिव मिली है। बुखार की शिकायत होने पर वह स्वयं पीजीआईएमएस जांच करवाने गई थी। उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसके क्षेत्र को सील करवा दिया गया है।
- डॉ. अनिल बिरला, सिविल सर्जन
कॉलोनी का कुछ हिस्सा सीलकर कंटेनमेंट जोन घोषित किया
रोहतक। कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद जिला प्रशासन ने वार्ड-18 स्थित जनता कॉलोनी का कुछ हिस्सा सील कर कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। जिला डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के चेयरमैन जिला मजिस्ट्रेट आरएस वर्मा ने अथॉरिटी की सलाह से यह आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक जनता कॉलोनी में रामफल के घर से शुरू होने वाली गली से लेकर पश्चिम में कृष्णा रोहिला के निवास और दक्षिण में वैश्य कॉलेज की सीमा के साथ-साथ बिजेंदर के घर तक और पूर्व में पापन के घर और उत्तर में रामफल के घर तक के इलाके को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। इसके साथ ही पवन गोयल के घर से लेकर उत्तर में वैश्य गोशाला और वैश्य एजूकेशन सोसायटी बिल्डिंग से दक्षिण में कपिल के घर और वैश्य एजूकेशन सोसायटी की खाली जमीन की बाउंड्री वाल के साथ-साथ पूर्व में राज सिंह धनखड़ के घर और उत्तर में गोयल जनरल स्टोर वाली गली से लेकर पवन गोयल के घर तक के एरिया को बफर जोन घोषित किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें