जाटों की भाईचारा और सैनी की समानता रैली को लेकर पुलिस और प्रशासन सतर्क है। रैली को देखते हुए 28 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं, जिनमें से 23 की तैनाती की गई है और पांच को रिजर्व रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा दो आईजी, पांच एसपी, 15 डीएसपी, 16 इंस्पेक्टर और 1550 सिपाहियों के कंधों पर रहेगा। पुलिस ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए शुक्रवार शाम को फ्लैग मार्च भी निकाला और पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक करके दिशा निर्देश दिए।
भाईचारा रैली के लिए प्रशासन और पुलिस के 28 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। रैली स्थल पर सात प्रशासनिक और पुलिस ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगे हैं। इनमें आरटीए जगदीश शर्मा के साथ डीएसपी लॉ एंड आर्डर वीर सिंह होंगे। एसडीएम महम प्रदीप अहलावत के साथ डीएसपी महम शमशेर सिंह रहेंगे। रोहतक शुगर मिल के एमडी अरविंद मल्हान के साथ डीएसपी ट्रैफिक अनिल कुमार होंगे। हुडा के एस्टेट ऑफिसर अमित गुलिया के साथ डीएसपी रोहतक डॉ. रविंद्र कुमार रहेंगे। नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर अजय चोपड़ा के साथ डीएसपी विजय सिंह की तैनाती की गई है। जिला राजस्व अधिकारी राजेंद्र कुमार के साथ डीएसपी रमेश कुमार तो डीडीपीओ नरेंद्र सारवान के साथ डीएसपी पुष्पा खत्री की तैनाती हुई है।
गोहाना सर्किल के नाके पर जिला परिषद के डिप्टी सीईओ नरेंद्र धनखड़ के साथ नाका प्रभारी रहेंगे। राजीव गांधी स्टेडियम के पास लाढ़ौत रोड पर जिला समाज कल्याण अधिकारी एमपी गोदारा के साथ नाका प्रभारी और आईटीआई चौक सनसिटी रोड पर तहसीलदार कलानौर राकेश मलिक के साथ भी नाका प्रभारी तैनात रहेंगे। स्टेट यूनिवर्सिटी नाके पर तहसीलदार रोहतक गुलाब सिंह के साथ नाका प्रभारी, नये बस अड्डे के पास टी प्वाइंट पर नायब तहसीलदार बंसीलाल के साथ भी नाका प्रभारी रहेंगे। सिविल लाइन थानाक्षेत्र में हाइड्रोलॉजिस्ट राकेश बंसल के साथ वहां के एसएचओ, सिटी थानाक्षेत्र में हॉर्टीकल्चर एक्सईएन महेंद्र सिंह के साथ वहां के एसएचओ रहेंगे।
शिवाजी कॉलोनी थानाक्षेत्र में लेबर वेलफेयर ऑफिसर विकास हुड्डा के साथ वहां के एसएचओ, ओल्ड सब्जी मंडी में पब्लिक हेल्थ एक्सईएन योगेश शर्मा के साथ वहां के एसएचओ तैनात रहेंगे। अर्बन एस्टेट में नायब तहसीलदार सांपला श्रीभगवान के साथ वहां के एसएचओ, पीजीआई में बिजली निगम के एक्सईएन जेसी शर्मा के साथ वहां के एसएचओ, सदर में बीडीपीओ सांपला नरेश चिकारा के साथ वहां के एसएचओ तैनात रहेंगे। महम में वहां के तहसीलदार राजकुमार शर्मा के साथ एसएचओ, कलानौर में वहां के नायब तहसीलदार सुभाष चंद्र के साथ एसएचओ तैनात किए गए हैं। लाखनमाजरा में वहां के बीडीपीओ राजपाल सिंह के साथ एसएचओ, सांपला की जिम्मेदारी वहां के तहसीलदार सुभाष चंद्र के साथ एसएचओ को सौंपी गई है।
इसके अलावा पांच ड्यूटी मजिस्ट्रेट रिजर्व रखे गए हैं, जिनमें मार्केटिंग बोर्ड के एक्सईएन राजेश कुमार, बिजली निगम के एसडीओ राजीव ढिल्लो, निगम के एक्सईएन धर्मबीर छिकारा, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन अरविंद कुमार, नेशनल हाईवे के एक्सईएन करण सिंह शामिल हैं।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच हो तालमेल
डीसी अतुल कुमार की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था को लेकर लघु सचिवालय के सभागार में जिले के अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें डीसी ने कहा कि प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के बीच अच्छा तालमेल होना चाहिए, जिससे काम अच्छा होगा। एसपी राकेश आर्य ने कहा कि यहां अनुभवी अधिकारियों की टीम है। आपस के समन्वय और सामंजस्य के साथ किए गए कार्य के निश्चित रूप से अच्छे परिणाम मिलते हैं।
शहर में नाकेबंदी, वाहनों की चेकिंग, फ्लैग मार्च निकाला
शहर में शांति और कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए शुक्रवार शाम को पुलिस ने चार अलग-अलग फ्लैग मार्च निकाले। फ्लैग मार्च और नाके पर ड्यूटी पर जाने से पहले आईजी नवदीप विर्क और एसपी राकेश आर्य ने पुलिस कर्मियों को दिशा निर्देश दिए। आईजी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य कानून और शांति व्यवस्था कायम रखना है, किसी भी जगह अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। एसपी राकेश आर्य ने कहा कि शहर में प्रमुख जगहों को चिन्हित करते हुए नाकाबंदी की गई है। जिले के महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों और आवासों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शांति और कानून व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों से सख्ती से निपटा जाएगा। दो पहिया वाहनों पर आवारागर्दी करने वाले युवकों पर निगरानी रखी जाएगी और उन पर कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी वीर सिंह के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाले गए।
यह फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से छोटूराम चौक, शांतमई चौक, गोहाना अड्डा, माता दरवाजा, जींद बाईपास चौक, हिसार बाईपास चौक, पुराना बस अड्डा, भिवानी स्टैंड, झज्जर रोड, झज्जर चुंगी, सरकुलर रोड, अशोका चौक, मेडिकल मोड़, दिल्ली बाईपास चौक, जाट भवन, सोनीपत रोड, शीला बाईपास, नया बस अड्डा, सुखपुरा चौक, गोहाना अड्डा होते हुए वापस पुलिस लाइन खत्म हुआ।
डेढ़ हजार से ज्यादा पर सुरक्षा का जिम्मा, कई जिलों से बुलाई पुलिस
शहर में दो रैलियों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा दो आईजी, पांच एसपी, 15 डीएसपी, 16 इंस्पेक्टर, 1550 सिपाहियों पर रहेगा। इसमें रोहतक के अलावा झज्जर, सोनीपत, फरीदाबाद, गुड़गांव, हरियाणा पुलिस एकेडमी की फोर्स शामिल है। एडीजीपी अपराध एवं कानून व्यवस्था अकील अहमद भी जायजा लेने के लिए पहुंच सकते हैं। इसके अलावा जिले में 20 जगह नाके बनाकर चेकिंग हो रही है, जिससे असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसा जा सके।