कहीं कान्हा बांसुरी बजा गोपियों को रिझाते तो कहीं राधा के साथ सेल्फी लेते अठखेलियां करते। कान्हा के विभिन्न रूपों की झांकियों को देखकर हर कोई आकर्षित हो रहा था। मौका था कान्हा के जन्मोत्सव का। हर कोई कान्हा के उत्सव में इस कदर रमा कि देर रात तक शहर के मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी रही। जन्माष्टमी के अवसर पर बृहस्पतिवार को मंदिरों और घरों में आधी रात होते ही शंख घोषों के बीच बाल गोपाल ने जन्म लिया। मंदिरों और घरों में मंत्रोच्चारण के साथ दूध, दही, घी, शहद, रोली और चंदन से कान्हा का अभिषेक किया। इसके बाद, भगवान श्रीकृष्ण को झूला झुलाने और उनके दर्शन करने के लिए मंदिरों में भक्त उमड़ पड़े। इस मौके पर शंख के उद्घोष के साथ मंदिरों में हाथी-घोड़ा पाल की, जय कन्हैया लाल की... नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की जयकारों के साथ प्यारो-प्यारो सो बंसी बजैय्या, छोटो-छोटो सो कृष्ण कन्हैया, घर-घर कान्हा जन्म लियो और ब्रज में बजी बधाई भजन गूंजते रहे।
माल गोदाम रोड स्थित दुर्गा भवन मंदिर में सबसे बड़ा जन्माष्टमी मेला लगा। यहां आगरा के कलाकारों द्वारा 22 सुंदर झांकियां लगाई गई। जिसमें कान्हा राधा के साथ सेल्फी लेते, नौका विहार करते, आसमां में हाथी को उड़ाते, कुंए से सुरदास को बाहर निकालते और गोपियों के साथ रासलीला करते हुए नजर आए। रात 12 बजे तक चले जन्माष्टमी मेले में बच्चों ने खिलौनों की खूब खरीददारी की तो युवाओं ने चटपटे व्यंजनाें का लुत्फ उठाया। वहीं त्योहार के चलते शहर में पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा।
जन्माष्टमी पर जय कन्हैया लाल से गूंजा संकट मोचन मंदिर
माता दरवाजा स्थित संकट मोचन मंदिर में भी जन्माष्टमी उत्सव मनाया गया। मंदिर में कान्हा के जन्म के समय उनके नाम के जयकारे गूंजते रहे। यहां बच्चे राधा-कृष्ण, मीरा व गोपियों, हनुमान और शिव शंकर के रूप मेें नजर आए। इस दौरान खूब आतिशबाजी भी हुई और भक्तों में फल व मीठी चूरी का प्रसाद बांटा गया। इस अवसर पर ममता शर्मा, गुलशन भाटिया, संजय खेड़ा मौजूद रहे।
फाउंडेशन स्कूल में कान्हा भजनों पर झूमे भक्त
इंडो फाउंडेशन स्कूल में जन्माष्टमी पर बच्चों ने कान्हा भजनों पर मनमोहक प्रस्तुति दी। इस दौरान मुख्यातिथि सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर भी पहुुंचे। प्राचार्या ललिता खुराना ने सभी को जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर मटकी फोड़ नृत्य ने दर्शकाें को झूमने पर मजबूर कर दिया।
यहां भी जन्माष्टमी का उत्सव
मॉडल टाउन स्थित गुफा मंदिर, शिवाजी कालोनी शिव मंदिर, सरकुलर रोड स्थित डेरा बाबा बालकपुरी, डीएलएफ कालोनी स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर, सेक्टर दो स्थित बांके बिहारी मंदिर, रेलवे स्टेशन स्थित शिव मंदिर, गौकर्ण स्थित डेरा बाबा लक्ष्मणपुरी, माता दरवाजा स्थित शीतला मंदिर, पाड़ा मोहल्ला स्थित माता मंदिर में भी जन्माष्टमी मनी।