रोहतक। पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय महाविद्यालय के पुराने पुस्तकालय भवन की छत का प्लास्टर गिरने से वीरवार को दो छात्राएं अस्मिता व पूजा घायल हो गईं। इनके सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं। वहां स्नातक की मार्कशीट वितरित कर रहा कर्मचारी बाल-बाल बचा।
वीरवार को तीन छात्राएं पुस्तकालय भवन में गई थीं। यहां लेंटर का मलबा अचानक गिर गया। पुस्तकालय में अलमारी के पास खड़ी छात्राएं हादसे में घायल हो गईं। इनमें से छात्रा अस्मिता के सिर तो दूसरी छात्रा पूजा के चेहरे पर चोटें आई हैं। तीसरी छात्रा के हाथ पर हल्की चोट आई है।
मलबा अलमारी पर गिरने से बड़ा हादसा होने से बच गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद शिक्षक मौके पर पहुंचे और चोटिल छात्राओं को पीजीआई में ले जाकर उपचार कराया।
इधर, इस मामले में रोष प्रकट करते हुए एसएफआई (स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया) ने काॅलेज प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर नए भवन का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की है। एसएफआई जिला सचिव अमित पिलाना ने कहा कि कॉलेज भावन काफी समय से जर्जर हालत में है। छात्राओं ने कहा कि लगता है सरकार व अधिकारियों को बड़े हादसे का इंतजार है। इसके बावजूद वहां कक्षाएं लगाई जा रही हैं।
-
कॉलेज का भवन पुराना है। वर्ष 2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नया भवन बनाने की घोषणा की थी लेकिन अभी तक भवन नहीं बना है और पुराने भवन में कक्षाएं लगानी पड़ रही हैं। वीरवार को कॉलेज भवन की छत का मलबा गिरने से छात्राओं को हल्की चोटें आई हैं। इनका उपचार कराया गया है।
- डॉ. सुरेंद्र सांगवान, प्राचार्य, पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय कॉलेज रोहतक
27-नेकीराम कॉलेज में लाइब्रेरी की छत का गिरा प्लास्टर। स्रोत : विद्यार्थी- फोटो : samvad