कोरोना की दूसरी लहर भले ही कुछ हल्की हुई है, मगर संक्रमित होने का सिलसिला जारी है। जिले में रविवार को 17 नए संक्रमित मिले। जबकि 421 कोविड-19 सक्रिय मरीज हैं। वहीं उपचार के दौरान दो संक्रमितों की मौत हो गई। यही नहीं स्वास्थ्य विभाग ने 1091 लोगों के सैंपल लिए व 448 को अपनी रिपोर्ट आने का इंतजार है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में नए 1091 सैंपल के साथ अब तक लिए गए सैंपलों का आंकड़ा चार लाख 44 हजार 364 पहुंच गया है। इनमें से चार लाख 18 हजार 266 की रिपोर्ट निगेटिव रही। जिले में 17 नए संक्रमितों समेत अब तक 25 हजार 650 संक्रमित केस सामने आ चुके हैं। सक्रिय कोविड-19 के 421 मरीजों में से 135 अस्पताल व 286 घरों में उपचाराधीन हैं। रविवार को कोरोना से दो मरीजों की मौत की पुष्टि हुई है। महामारी से मरने वालों का आंकड़ा अब 522 पहुंच गया है। कोविड संक्रमण दर 5.77 प्रतिशत व रिकवरी 96.32 प्रतिशत रही। इधर, महामारी से बचाव के लिए विभाग का टीकाकरण अभियान जारी है। इसके तहत रविवार को 343 लोगों को पहली व 88 लोगों को दूसरी डोज दी गई। जिले में अब तक दो लाख 25 हजार 944 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं व प्रथम श्रेणी कार्यकर्ताओं को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।