रोहतक। शेयर मार्केट में पैसा लगाकर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर छह लाख रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले हैं और इसके अलावा भी ठगी की कई वारदात को अंजाम दे चुके हैं।
प्रभारी थाना साइबर निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि सुडाना निवासी नरेंद्र ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने बताया कि उसे 12 जनवरी 2024 को फेसबुक के माध्यम से एक लिंक दिया गया था, जिसमें शेयर मार्केट में पैसे लगाने पर 30 से 100 फीसदी अधिक तक लाभ कमाने का लालच दिया गया। इस पर नरेंद्र को जालसाजों ने अपनी बातों में फंसाकर अपने ग्रुप में जोड़ा और फिर एक एप डाउनलोड करवाई। आरोपियों ने नरेंद्र को शेयर खरीदने के नाम पर कई बार में 6 लाख रुपये का निवेश कराया, जो कई गुना अधिक एप पर दिखाई दिया और जब इनको निकालने का प्रयास किया तो असफल रहे। इसके बाद उनको पता चला कि वह साइबर अपराधियों का शिकार हो गए हैं। जांच की गई तो माेबाइल नंबर और अन्य आईडी के आधार पर दो युवकों की पहचान की गई। इसमें उत्तर प्रदेश के कानपुर के गोपाल नगर निवासी विकास और संजय गांधी नगर निवासी अभिषेक के रूप में हुई। साइबर सेल की ओर से कानपुर में जाकर दोनों को गिरफ्तार किया और फिर रोहतक लाई। यहां पर पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ की तो आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने इस घटना के अलावा भी कई और लोगों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस ने अब अन्य लोगों की खोजबीन करनी शुरू कर दी है।