रोहतक। 1 फरवरी से जिले के साढ़े तीन लाख बिजली उपभोक्ता खुद मीटर की रीडिंग लेकर ऑनलाइन बिल जमा करवा सकेंगे। इसके लिए बिजली निगम की स्मार्ट फोन के प्ले स्टोर से हरियाणा ट्रस्ट बेस्ड रीडिंग मोबाइल एप डाउनलोड होगा। विभाग का दावा है कि इससे उपभोक्ताओं के बिजली बिल में त्रुटि की आशंका खत्म हो जाएगी, साथ ही विभाग का भी काम कम हो जाएगा। निगम की ओर से बिजली का बिल दो महीने में एक बार जारी किया जाता है।
बिजली निगम के रिकाॅर्ड के मुताबिक, जिले में 3.5 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें शहरी क्षेत्र में 1.90 लाख व ग्रामीण क्षेत्र में 1.60 लाख बिजली कनेक्शन दिए गए हैं। निगम की तरफ से बिजली बिल हर दो माह में दिया जाता है। इसके लिए कर्मचारी घर-घर जाकर मीटर की रीडिंग लेता है, फिर बिल बनाकर भेजा जाता है। बिजली निगम को हर माह 20 से 25 उपभोक्ता गलत रीडिंग या गलत बिल भेजने की शिकायत करते हैं। इसके लिए विभाग को हर माह चार बिजली उपभोक्ता दरबार लगाने पड़ते हैं। दूसरा, उपभोक्ता को दो माह का बिल एक साथ जमा करवाना पड़ता है। ऐसे में बिजली निगम ने 1 फरवरी से नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।
उपभोक्ताओं की मांग पर बिल का विकल्प चुनने के लिए यह एप बनाया गया है। इससे उपभोक्ता द्विमासिक अथवा मासिक बिल का चयन कर सकता है। यह एप डिजिटलाइजेशन तकनीक है। इसका उपयोग कर उपभोक्ता स्वयं अपने बिलिंग शेड्यूल को द्विमासिक से मासिक में बदल सकता है और स्वयं ही वर्तमान की रीडिंग दर्ज करके बिल ऑनलाइन ले सकता है। इस एप के माध्यम से उपभोक्ता बिल का भुगतान भी ऑनलाइन कर सकता है।
रीडिंग लेकर ऐसे भरा जाएगा बिजली बिल
बिजली निगम के मुताबिक, इस सुविधा का उपयोग करने के लिए उपभोक्ता को अपने मीटर पर प्रदर्शित केएचडब्ल्यू रीडिंग दर्ज करनी होगी और मीटर की एक फोटो अपलोड करनी होगी। यह सुविधा 20 किलोवॉट से कम घरेलू व गैर घरेलू उपभोक्ताओं के लिए है। उपभोक्ता को पहले हरियाणा ट्रस्ट बेस्ड रीडिंग एप डाउनलोड करनी होगी। इसके बाद उपभोक्ता इश्यू बिल विकल्प पर क्लिक करेगा, ताकि बिल जेनरेट किया जा सके। इसके बाद अपना बिजली खाता नंबर भरकर सबमिट का बटन दबाना होगा। डिस्प्ले आने पर अपना नाम, पता, लोड, कैटेगरी व मोबाइल नंबर जैसी जानकारी भरनी होगी। अगला विकल्प दबाने के बाद वर्तमान रीडिंग व फोटो अपलोड करें। मीटर में केडब्ल्यूएच रीडिंग की फोटो अपलोड करें। इसके बाद बिल जेनरेट हो जाएगा और बिल डाउनलोड करने के लिए व्यू बिल विकल्प को दबाएं। खाता नंबर भरने के बाद सबमिट करने पर बिल डाउनलोड हो जाएगा। यहीं दिए मेक पेमेंट विकल्प पर क्लिक करने से बिल भुगतान भी हो सकेगा।
वर्जन
बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए सरकार ने ट्रस्ट बेस्ड रीडिंग मोबाइल एप लॉन्च किया है। घरेलू और गैर घरेलू बिजली उपभोक्ता इस एप का इस्तेमाल कर एक माह का बिल जेनरेट कर सकेंगे। इससे वह ज्यादा राशि के आने वाले बिजली बिलों से छुटकारा पा सकेंगे, साथ ही विभाग की रीडिंग लेकर बिल देने की प्रक्रिया भी चलती रहेगी।
- रामेंद्र मलिक, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम।