कलानौर। कलानौर क्षेत्र में खेतों में लंबे समय से भरे पानी की निकासी को लेकर किसान परेशान हैं। सोमवार को किसानों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को संबोधित ज्ञापन
तहसीलदार को सौंपा। कहा, जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था करवाई जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए ताकि वे आर्थिक संकट से उबर सकें।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि सोमवार तक प्रशासन की ओर से कार्रवाई शुरू नहीं की गई तो मंगलवार को वे चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचकर सीएम से मुलाकात करेंगे और संबंधित अधिकारियों की शिकायत दर्ज कराएंगे।
किसानों का कहना है कि सात महीने पहले मानसून में हुई भारी वर्षा के कारण उनके खेतों में अभी भी पानी भरा है। फसलें पूरी तरह बर्बादी की कगार पर पहुंच गई हैं।
किसानों के अनुसार, कई किसानों की फसलें समय पर बोई नहीं जा सकीं जबकि पहले से खड़ी फसलें भी नष्ट हो चुकी हैं। लगातार पानी भरे रहने से जमीन की उत्पादकता पर भी असर पड़ा है और भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है।
इस संबंध में किसानों ने कलानौर सीएम विंडो के एनीमेट पर्सन गुलशन दुआ से भी मुलाकात कर अपनी समस्या रखी। उन्होंने बताया की संबंधित विभाग जल निकासी के लिए कोई भी ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
इस मौके पर अमित कुमार, नरेश कुमार ,सुरेश कुमार, संजय ,राजवीर, मुकेश, धर्मवीर, रजनीश ,रामकुमार, अनिल कुमार, महेंद्र ,रामप्रसाद, सतीश आदि मौजूद रहे।