बहादुरगढ़। गांव दहकौरा स्थित एक निजी कंपनी में करोड़ों रुपये के गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने कंपनी निदेशक की शिकायत पर ट्रांसपोर्ट इंचार्ज समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव दहकौरा निवासी अनुराग चौधरी ने बताया कि वह मैसर्ज कुमार प्रिसिजन स्टैंपिंग प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं। उनकी कंपनी में हिमांशु वधवा को वर्ष 2018 में ट्रांसपोर्ट इंचार्ज नियुक्त किया गया था। कंपनी के नाम से चलने वाले वाहनों के खर्च और लेनदेन की जिम्मेदारी उसी के पास थी।
आरोप है कि हिमांशु वधवा ने अपने साथियों के साथ मिलकर कंपनी के अकाउंट रिकॉर्ड और एंट्री रजिस्टर में फर्जी इंद्राज किए। शिकायत के अनुसार, 3 अप्रैल 2023 को 1700 रुपये के पास वाउचर को रिकॉर्ड में 1.70 लाख रुपये दर्शाया गया और अतिरिक्त राशि निकाल ली गई।
आरोप है कि वर्ष 2023-24 में 1.75 करोड़ रुपये, 2024-25 में 3.96 करोड़ रुपये और 2025-26 में 3.85 करोड़ रुपये का गबन किया गया। कंपनी द्वारा कराए गए मिलान में करीब 9.57 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी सामने आई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि गबन की राशि से आरोपियों ने संपत्ति खरीदी और कई लोगों के खातों में रकम ट्रांसफर की गई।
आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। आसौदा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर एसआई ओम सिंह को जांच सौंपी है। जांच अधिकारी ओम सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है और जांच की जा रही है।