रोहतक। संयुक्त किसान मोर्चा और केंद्रीय श्रमिक संगठन दोनों मिलकर 26 जनवरी को जिलास्तरीय ट्रैक्टर मार्च और 16 फरवरी को देशव्यापी औद्योगिक हड़ताल करेंगे। आंदोलन के इस नए चरण की घोषणा 16 जनवरी को जालंधर, पंजाब में हुए संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय सम्मेलन में की गई।
ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह मातनहेल ने बताया कि इन दोनों कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए हमारा संगठन जी-जान से भागीदारी करेगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी संगठनों के कार्यकर्ता एमएसपी गारंटी कानून बनाने, सभी फसलों का लागत से डेढ़ गुना न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीद करने, बिजली बिल संशोधन 2022 रद्द करने, किसान तथा श्रमिकों को कर्ज मुक्त करने, बुढ़ापा पेंशन दस हजार रुपये मासिक लागू करने, प्रधानमंत्री फसल योजना से प्राइवेट कंपनियों को बाहर कर इसे किसान हितैषी बनाने, रोजगार की गारंटी देने, प्राइवेट कंपनियों के लिए जबरन भूमि अधिग्रहण पर रोक लगाने समेत अपनी मांगों को लेकर गांव गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
बाक्स
750 किसानों की स्मृति में बनाए जाएंगे शहीद स्मारक
जालंधर सम्मेलन में संयुक्त किसान मोर्चा ने यह भी निर्णय लिया कि दिल्ली बॉर्डर पर 13 महीने चले आंदोलन के दौरान शहीद हुए 750 किसानों की स्मृति में सिंघू व टिकरी बॉर्डर पर शहीद स्मारक बनाए जाएंगे। इसके लिए हरियाणा व दिल्ली सरकारों से स्मारक स्थल के लिए भूमि देने की मांग की जाएगी। देश-भर से दोनों सरकारों को पत्र भेजने की मुहिम चलाई जाएगी। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन ने उपरोक्त मांगों को मनवाने के लिए प्रदेश के किसानों, खेत मजदूरों व छात्र, युवा, महिलाओं से 26 जनवरी को जिला स्तर पर ट्रैक्टर परेड तथा 16 फरवरी को ग्रामीण भारत बंद को सफल बनाने की अपील की है।