रोहतक। ग्रीष्मकालीन अवकाश में पहाड़ी क्षेत्र में जाने के लिए पर्यटकों में क्रेज बढ़ता देखा जा रहा है। रोहतक से जम्मू की ओर से जाने वाली लगभग ट्रेनें 26 जून के बाद तक फुल हो चुकी हैं। अब यात्रियों को टिकट नहीं मिल रहा है।
रोहतक से पांच ट्रेनों का संचालन जम्मू-कटरा की ओर होता है लेकिन इन ट्रेनों में जून के अंदर यात्रियों को टिकट मिलना संकट भरा हो गया है। रेलवे के अनुसार, कोटा-श्री माता वैष्णो देवी कटरा साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन एसी व स्लीपर कोच के साथ 21 जून तक फुल है जबकि 19 जुलाई तक वेटिंग दर्शा रहा है।
जबलपुर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन 16 जून तक फुल और 14 जुलाई तक वेटिंग टिकट उपलब्ध हो रहा है।
सप्ताह में तीन दिन चलने वाली अंडमान एक्सप्रेस में 9 जुलाई तक फुल है। इसमें 29 जून के बाद तो 100-150 वेटिंग दिन-वार दिखा रहा है। हिमसागर साप्ताहिक एक्सप्रेस में 5 जुलाई तक व तरुनेलवेली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा साप्ताहिक ट्रेन भी 15 जुलाई तक टिकट उपलब्ध नहीं है। रोहतक से हरिद्वार की ओर से जाने वाली ट्रेनों में यही स्थिति देखी जा रही है। -
शिमला
के लिए रोडवेज बस में कर सकते हैं यात्रा
इस स्थिति में यात्री रोडवेज बस से शिमला की ओर जा सकते हैं। संस्थान प्रबंधक हंसराज ने बताया कि रोहतक बस स्टैंड से प्रतिदिन सुबह 10:05 बजे रोडवेज की सामान्य बस का शिमला के लिए संचालन शुरू किया गया है। यह बस चंडीगढ़, पंचकूला, पिंजौर, कालका, सोलन, धर्मपुर से होते हुए रात 8:10 बजे शिमला पहुंचेगी। वहीं, बैजनाथ मार्ग पर देर शाम 5 बजे रोडवेज की बस से यात्री चंडी मंदिर (चंडीगढ़), हिमाचल प्रदेश के नैना देवी मंदिर, चिंतापूर्णी, ऊना, माता ज्वाला देवी, कांगड़ा व नगरोटा तक यात्रा कर सकते हैं। टूर ट्रेवलर एजेंसी से जगदीप खुंगार ने बताया कि पर्यटक रोहतक से निजी बुकिंग करवाकर पालमपुर, धर्मशाला, शिमला, कुफरी, चहल, नारकंडा व सोलंग तक की यात्रा कर सकते हैं।
वर्जन
गर्मियों में यात्री पहाड़ी क्षेत्र में घूमना पसंद करते हैं। रोहतक से कम ही ट्रेनें होने से यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। दिल्ली से वाया पानीपत मार्ग पर यात्रियों की संख्या अधिक है। इस कारण ट्रेनें फुल चल रही हैं।
- बलराम मीना, स्टेशन अधीक्षक, रेलवे