हिसार की जीजेयू, रोहतक की एमडीयू और सोनीपत के निफ्टम सहित प्रदेश के पांच संस्थान उच्च शिक्षा में बेहतर आंके गए हैं। मानव संसाधन एवं विकास मंत्रालय के नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) सर्वे में जीजेयू हिसार को देश में 24वां और प्रदेश में पहला स्थान मिला। वहीं, एमडीयू प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा, हालांकि देश में वह 44वें स्थान पर है। पीजीआई रोहतक समेत प्रदेश के तीन अन्य शिक्षण संस्थान देश भर की टॉप 100 लिस्ट में अपना स्थान बनाने में कामयाब रहे।
केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने सोमवार को दिल्ली में टॉप 100 संस्थानों की लिस्ट जारी की। एनआईआरएफ के तहत देश भर के शैक्षणिक संस्थानों की रैंकिंग की गई थी। इसमें यूनिवर्सिटी, इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट संस्थानों समेत सभी को शामिल किया गया था। रैंकिंग फ्रेमवर्क में शैक्षणिक संस्थानों की टीचिंग, लर्निंग एंड रिसोर्सेज, रिसर्च प्रोफेशनल प्रेक्टिस एंड कोलाबारेटिव परफार्मेंस, ग्रेजुएशन आउटकम, आउटरीच एंड इनक्लूसीविटी तथा पर्सेप्शन के मापदंडों को जांचा गया था।
देश भर में बात करें तो जीजेयू हिसार 67.46 अंकों के साथ 24वें स्थान पर है तो वहीं प्रदेश में टॉप पर है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी इंटरप्रेटिशिप एंड मैनेजमेंट सोनीपत और गुड़गांव के दी नार्थ कैप यूनिवर्सिटी भी टॉप 100 लिस्ट में शामिल हुई। इनके अलावा मैनेजमेंट के चार और इंजीनियरिंग का मात्र एक ही संस्थान टॉप 100 लिस्ट में शामिल हो सका।
संस्थान रैंक देश में स्थान प्रदेश में स्थान
जीजेयू हिसार 67.46 24वां प्रथम
एमडीयू रोहतक 61.31 44वां दूसरा
निफ्टम सोनीपत 60.44 50वां तीसरा
पीजीआई रोहतक 52.47 79वां चौथा
नार्थकैप यूनिवर्सिटी गुड़गांव 51.63 82वां पांचवां
मैनेजमेंट श्रेणी में ये संस्थान टॉप 100 में शामिल
मैनेजमेंट डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट गुड़गांव 77.44 11वां प्रथम
आईआईएम रोहतक 72.37 19वां दूसरा
लिंगाया यूनिवर्सिटी फरीदाबाद 58.38 40वां तीसरा
यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट कुरुक्षेत्र 53.33 48वां चौथा
इंजीनियरिंग श्रेणी में मात्र एक संस्थान टॉप 100 में शामिल
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कुरुक्षेत्र 58.89 48वां प्रथम
यह बोले जीजेयू के वीसी
जीजेयू की स्थापना हुए अभी 20 वर्ष ही हुए हैं, इतने कम समय में यह उपलब्धि पाना गर्व की बात है। यह विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों के सहयोग से ही हो संभव हो सका है। इसके लिए सभी शिक्षक, रिसर्च स्कॉलर, विद्यार्थी, कर्मचारी सहित सभी लोग बधाई के पात्र हैं। यूनिवर्सिटी को और आगे ले जाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रो. टंकेश्वर कुमार, वीसी, जीजेयू, हिसार।
यह बोले एमडीयू के वीसी
इस उपलब्धि के लिए स्टाफ और विद्यार्थी सभी बधाई के पात्र हैं। देश भर के टॉप 100 में शामिल होना गर्व की बात है। भविष्य में और अधिक समग्र प्रयासों से एमडीयू को प्रगति के नए क्षितिज की ओर ले जाया जाएगा।
- प्रो. बिजेंद्र कुमार पूनिया, वीसी एमडीयू।