रोहतक। कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया के तहत 10 जुलाई को दूसरी मेरिट सूची जारी होगी। पहली मेरिट सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित विद्यार्थियों को इससे दाखिला मिलने की बड़ी आस है। इधर, पहली सूची वाले उम्मीदवारों के पास दस्तावेज व फीस जमा कराने का मंगलवार शाम तक का समय शेष है।
शहर के पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय महाविद्यालय में दाखिला प्रक्रिया के चलते सोमवार को विद्यार्थियों की काफी भीड़ नजर आई। दाखिले के लिए फीस व दस्तावेज जमा कराने वालों के आवागमन से कैंपस में चहल पहल बनी रही। पहली मेरिट सूची के उम्मीदवारों के पास अपनी सीट सुरक्षित करने के लिए नौ जुलाई तक का समय है। इसके बाद दूसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसे लेकर विद्यार्थियों में उत्सुकता बनी हुई है। कॉलेज के साइकोलॉजी विभाग की शिक्षिका मीनाक्षी ने बताया कि फीस का भुगतान ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है। विद्यार्थियों की मदद के लिए हेल्प डेस्क लगाया गया है। यहां उनकी प्रवेश संबंधी समस्याओं का समाधान किया गया।