नरवाना। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज नरवाना में धन्यवाद एवं विकास रैली में पहुंचकर करोड़ों रुपये की सौगात देंगे। इसके अतिरिक्त नरवाना से दबलैन रोड पर आरओबी का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही नरवाना शहर व ग्रामीण क्षेत्र के लिए हजारों करोड़ रुपये का मांग पत्र प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने तैयार किया है।
अनाजमंडी मेला ग्राउंड में शनिवार को कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी व प्रशासनिक अमले में तैयारियों का जायजा लिया। यहां पर सुरक्षा व्यवस्था, आमजन के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, लाइट, स्टेज, पार्किंग की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान बेदी ने कहा कि 17 अगस्त का दिन नरवाना की जनता के लिए एतिहासिक और यादगार साबित होगा।
इस दिन मुख्यमंत्री न केवल विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों का पिछले चुनाव में दिए गए समर्थन के लिए आभार व्यक्त करेंगे बल्कि करोड़ों रुपये की बहु प्रतीक्षित विकास योजनाओं की सौगात भी देंगे। कैबिनेट मंत्री बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री सैनी द्वारा तैयार किया गया विकास रोडमैप प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र को समान रूप से आगे बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
रैली स्थल पर कैबिनेट मंत्री के साथ उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा, पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, एएसपी सोनाक्षी सिंह, एसडीएम नरवाना जगदीश चंद्र, जींद के एसडीएम सत्यवान सिंह मान, उचाना के एसडीएम दलजीत सिंह, जिला परिषद के सीईओ अनिल दून, सीटीएम मोनिका रानी सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
रैली के लिए सभी तैयारियां पूरी
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि मुख्यमंत्री की रैली के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रैली स्थल पर जनता के बैठने के लिए 16 ब्लॉकों में पुरुषों व महिलाओं की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। मंच के साथ वीआईपी स्टेज, सांस्कृतिक मंच और प्रेस गैलरी बनाई गई है। उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम के लिए भी विशेष स्थान तय किया गया है। रैली में शामिल होने वाले वाहनों के लिए दिशानुसार अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं ताकि आमजन को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े। इससे पहले कैबिनेट मंत्री व अधिकारियों ने हिसार रोड स्थित श्री श्याम बाल वाटिका में बने हैलिपेड का भी निरीक्षण किया।
रेलवे आरओबी का सीएम करेंगे उद्घाटन
मेला मंडी में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नरवाना से दबलैन फाटक पर रेलवे ओवर ब्रिज का उद्घाटन करेंगे। पिछले चार सालों से यह पुल अधर में लटका हुआ था।