अमर उजाला, एलपीएस बोसार्ड व डीजीवी पब्लिक स्कूल की ओर से आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 14 अगस्त रविवार को मां तुझे प्रणाम कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें लगभग 4 हजार विद्यार्थी 2022 मीटर तिरंगा लेकर मानव शृंखला बनाएंगे। इसमें निजी व सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। 2022 मीटर तिरंगा का कार्यक्रम लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड में दर्ज कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह आठ बजे मानसरोवर पार्क से होगा और यह जाट कॉलेज पर राष्ट्रगान के साथ संपन्न होगा। कार्यक्रम के तहत 2022 मीटर लंबे तिरंगे के साथ विद्यार्थियों की मानव शृंखला बनाई जाएगी। इसमें विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार और पुलिस कप्तान उदय मीना होंगे और विशेष अतिथि के रूप में एलपीएस बोसार्ड के एमडी राजेश जैन, नगर निगम कमिश्नर डॉ. नरहरि बांगड़, महामंडलेश्वर कपिलपुरी, महामंडलेश्वर कर्णपुरी, एसडीएम राकेश कुमार शामिल होंगे।
प्रतिभागियों में जोश बनाए रखने के लिए मानसरोवर पार्क से जाट कॉलेज के बीच पांच जगह मंच स्थापित किए जाएंगे। यहां कलाकार देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में सामाजिक, धार्मिक संस्थाएं, संत समाज व आम जन विशेष रूप से शामिल होकर देशभक्ति की अलख जगाएंगे। इसमें एएमएस एकेडमी, रेजा बाए ललिता का विशेष सहयोग रहेगा।