सिमरन की मौत के बाद पीजीआई स्थित मोर्चरी में मौजूद परिजन। अमर उजाला
रोहतक। मकड़ौली बड़ी कलां गांव में शादी के 10 साल बाद भी महिला को बच्चा पैदा न होने का ताने देते हुए पति ने उसके साथ मारपीट, प्रताड़ना जारी रखी। घर में तमाम तरह की पाबंदियां लगा दी थीं। पति की प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने जहर निगल लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना परिजनों को मिली। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ आत्महत्या को मजबूर करने की धारा में केस दर्ज कर लिया। वहीं पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में गुरुग्राम के जयविहार कॉलोनी निवासी संतोष ने बताया कि उसकी 33 वर्षीय बेटी सिमरन की शादी रोहतक के मकड़ौली बड़ी कलां निवासी जोगिंद्र के साथ दिसंबर 2011 में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से आरोपी दामाद ने सिमरन के साथ झगड़ा शुरू कर दिया। शादी के 8 साल तक आरोपी दामाद सिमरन के साथ ससुराल के पास किराये के मकान में रहता था। उस दौरान भी आरोपी ने मेरे पति और बेटी सिमरन के साथ मारपीट की थी। जिसकी शिकायत पालमविहार सेक्टर 22 थाना पुलिस को दी थी। मामले में आपसी तौर पर समझौता हो गया था। इसके बाद भी आरोपी ने सिमरन के साथ प्रताड़ना जारी रखी। करीब 2 साल पहले वह सिमरन को लेकर अपने गांव मकड़ौली आ गया था। जहां भी उसने सिमरन के साथ मारपीट जारी रखी। आरोप है कि जोगेंद्र सिमरन को बच्चा न पैदा होने का ताना देते हुए रुपयों की मांग के साथ मारपीट करता था। ताने कसता था। आरोप है कि सिमरन को वह घर पर बंधक बना कर रखता था, उस पर तमाम तरह की पाबंदी थीं। 19 फरवरी की सुबह सिमरन ने अपने पिता को फोन किया और कहा कि चाय पी ली। पापा ने जवाब में हां की और उससे भी पूछा कि क्या तुमने चाय पी है। इसके बाद वह रोने लगी और फोन रख दिया। इसके बाद उससे बात नहीं हो पाई। दोपहर 4 बजे ससुराल वालों ने फोन कर बताया कि सिमरन ने जहर निगल लिया है और उसकी मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे।
सिमरन की फाइल फोटो।