हिसार के ब्लू बर्ड में पक्षियों की मौत के बाद तिलयार जू में और अधिक सतर्कता बढ़ा दी गई है। अब पक्षियों की नियमित रूप से मेडिकल जांच शुरू कर दी गई है। वहीं चंडीगढ़ में अधिकारियों को हर दिन की रिपोर्ट भेजी जा रही है।
बता दें, कि दिल्ली में बर्ड फ्लू की दस्तक के बाद प्रदेश के चिड़ियाघरों में भी अलर्ट जारी कर दिया गया था। पिछले कई दिनों से बर्ड फ्लू की दहशत को लेकर स्थिति सामान्य थी, लेकिन हाल ही में हिसार स्थित ब्लू बर्ड झील के पास पक्षियों की संदिग्ध मौत के बाद एक बार फिर से बर्ड फ्लू का डर पैदा हो गया है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वह पक्षी बर्ड फ्लू से मरे हैं या फिर किसी अन्य कारण से, लेकिन पक्षियों के मरने के बाद तिलयार में भी डिवीजन वाइल्ड लाइफ विभाग की तरफ से दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अब नियमित रूप से तिलयार जू के पक्षियों की मेडिकल जांच शुरू कर दी गई है। इसके अलावा स्टाफ को भी हिदायत दी गई है कि सुबह-शाम पक्षियों पर निगाह रखे। हर दिन की रिपोर्ट चंडीगढ़ में उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। विभाग की तरफ से चेताया गया है कि इस मामले में कोई भी लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
यह बोले अधिकारी
पक्षियों की नियमित तौर पर जांच कराई जा रही है। अभी तक जू में बर्ड फ्लू का कोई लक्षण नहीं मिला है। सभी पक्षी स्वस्थ्य है।
- पवन ग्रोवर, डिवीजन वाइल्ड लाइफ ऑफिसर