रोहतक। ऑनलाइन ठगी का एक और मामला सामने आया है। ऑनलाइन खाते में रुपये भेजते समय हुई गड़बड़ी दुरुस्त करने के लिए गूगल से कस्टमर केयर का नंबर लेना डॉक्टर व उसकी पत्नी को महंगा पड़ा। ठगों ने इन दोनों के खाते से 1.20 लाख रुपये उड़ा दिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
भिवानी के मिताथल निवासी एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. सन्नी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि पत्नी सुमन का बैंक खाता एनडीआरआई करनाल के एक बैंक की शाखा में है। डॉक्टर का अपना खाता बैंक की पीजीआई शाखा में है। मंगलवार को पत्नी को 23000 रुपये किसी को ऑनलाइन भेजने थे। यह राशि सही जगह नहीं जा पाई। इसलिए गूगल से कस्टमर केयर का नंबर लेकर कॉल किया। कॉल करने पर उसने पत्नी के खाते की जानकारी व खाता नंबर पूछा गया। इसके बाद ठग ने पत्नी को अपने खाते से उसके खाते में कुछ रुपये भेजने को कहा। फोन पर बात करने वाले ने कहा कि हम आपके खाते पर काम कर रहे हैं। पत्नी के कहने पर अपने खाते से डॉक्टर ने 30000 हजार रुपये दो बार में भेज दिए। इस प्रक्रिया के दौरान पत्नी के खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए गए। धोखे से रुपये निकालने वाले का नाम राहुल बताया गया है। इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।