रोहतक। बनियानी गांव में होली के दिन हुए विक्रम उर्फ कल्लू हत्याकांड में पुलिस ने तीन और आरोपियों सचिन, रवि उर्फ चिया व शिवा को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया।
मामले में अब तक 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। दूसरे पक्ष का कहना है कि हत्या के आरोप में बेकसूर युवकों को भी उठाया जा रहा है।
कलानौर थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि होली के दिन बनियानी में बाइक हटाने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया था। इसमें गांव के साहिल की शिकायत पर निशांत व अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। बाद में विक्रम की मौत हो गई थी। मारपीट का मामला हत्या में बदल गया था।
दूसरा पक्ष बोला-बेकसूर युवकों को भी उठाया जा रहा
बनियानी निवासी बलजीत का कहना है कि हत्या के केस में बेकसूर लोगों को भी उठाया जा रहा है। इससे लोगों में दहशत है। कई घरों पर तो ताला लग चुका है। शुक्रवार को तीन ऑटो में बैठकर ग्रामीण एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया से मिलने पहुंचे। मांग की गई कि बेकसूर युवाओं को न फंसाया जाए।
वर्जन
विक्रम हत्याकांड में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। किसी निर्दोष को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
- इंस्पेक्टर सतपाल सिंह, कलानौर थाना प्रभारी