फोटो संख्या:54 शहर स्थित पीएमश्री स्कूल, जहां बनाई जाएंगी लैब। संवाद
महेंद्रगढ़। शहर स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शिक्षा विभाग की ओर से छात्राओं के लिए लैब बनाई जाएगी। इसके लिए संस्थान की ओर से पुराने भवन का तोड़ने के लिए विभाग के पास प्रस्ताव भेजा गया है और मई में तोड़फोड़ का कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
बता दें कि स्कूल की शुरुआत के समय यह भवन बनाया गया था और अब समय के साथ कंडम हो चुका है। इसमें मलबा गिर रहा है और संस्थान के प्रांगण की सुंदरता भी बिगाड़ रहा है। इसमें बने कमरों का उपयोग नहीं हो पाता है और हरदम भवन के गिरने का डर बना रहता है। इससे शिक्षकों और छात्राओं को चिंता रहती है।
संस्थान में फिलहाल 350 छात्राएं पढ़ रही हैं जबकि 20 व्यक्ति शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक स्टाफ के तौर पर मौजूद है। एक साल से संस्थान की ओर से लगातार मुद्दा उठाया जा रहा है और विभाग को अवगत कराया जा रहा है।
अब संस्थान को पीडब्ल्यूडी की ओर से भवन के कंडम होने का प्रमाण पत्र मिला है और संस्थान की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी के पास यह पत्र भेजा गया है। अब अधिकारी मई में पुराने भवन को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू होने का दावा कर रहे हैं।
संस्थान प्रभारी का कहना है कि विभाग की ओर से पुराने भवन की जगह पर तीन लैब बनाने की योजना तैयार की जा रही है। फिलहाल संस्थान में एक-एक लैब बनी हैं। योजना के तहत प्रस्तावित लैब में एक आधुनिक कंप्यूटर लैब और दो विज्ञान लैब शामिल की गई हैं।
इनमें विभाग की ओर से नवीनतम उपकरण और तकनीक उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि छात्राएं प्रायोगिक शिक्षा को बेहतर तरीके से समझ सकें। खासतौर पर विज्ञान विषयों में रुचि बढ़ाने और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने पर विभाग का जोर है।
-
वर्जन
जिला मुख्यालय में भवन को तोड़ने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है और इसके तोड़फोड़ का काम मई में शुरू होने की संभावना है। इसके बाद तीन लैब बनाई जाएंगी और छात्राओं को डिजिटल व अच्छी शिक्षा प्रदान की जाएगी।
-जयपाल सिंह, प्राचार्य, पीएमश्री स्कूल, महेंद्रगढ़