रोहतक। राष्ट्रीय राजमार्ग 152 डी, रोहतक-हिसार रोड और लाढ़ोत रोड पर हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। घायलों को पीजीआई में दाखिल कराया गया है। इस संबंध में कलानौर, बहुअकबरपुर और पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस जांच कर रही है।
खेरड़ी मोड़ के पास ट्राला चालक ने कार को मारी टक्कर
केस-1
पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के भिलवाड़ा जिले के गांव बेरीसाल, तहसील बिजोलिया निवासी सुरेंद्र धाकर ने बताया कि वह दोस्त प्रेम सागर, रवि व कमलेश के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जम्मू स्थित कटड़ा गए थे। शनिवार रात को अंबाला से नारनौल तक नेशनल हाईवे 152 डी से लौट रहे थे। कलानौर के खेरड़ी मोड़ के नजदीक ट्राला चालक ने कार की साइड दबा दी। वह गाड़ी चला रहा था, जबकि प्रेम शंकर परिचालक साइड में उसके साथ बैठा था। रवि व कमलेश पीछे वाली सीट पर थे। चालक सुरेंद्र ने कार को बचाने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने कंडक्टर साइड को टक्कर मार दी। इससे चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पीजीआई में दाखिल कराया, जहां उपचार के दौरान रवि और कमलेश की मौत हो गई।
.....
पीजीआई से छुट्टी के बाद युवक की मौत, दो दिन पहले कार की टक्कर से हुआ था घायल
केस-2
कलानौर। मदीना गांव निवासी आनंद सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे दो भाई हैं। पिता की मौत हो चुकी है, मां साथ रहती है। दोनों भाई अविवाहित हैं। छोटा भाई 39 वर्षीय देवेंद्र 23 फरवरी को ऑटो में बैठकर मदीना गांव आ रहा था, जिसे गांव का युवक राजबीर चला रहा था।
मोखरा पुल के अंडरपास के पास कार ने ऑटो को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर से ऑटो पलट गया। इसमें उसके भाई देवेंद्र को काफी चोटें आईं। उसे पीजीआई में दाखिल कराया गया, जहां उपचार के बाद 24 फरवरी को भाई को घर ले आया। 25 फरवरी को सुबह 5 बजे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। तत्काल उसे निजी अस्पताल में दाखिल कराया, जहां उसकी मौत हो गई। बहुअकबरपुर थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है। संवाद
लाढ़ोत रोड पर कार ने मारी श्रमिक को टक्कर
केस-3
शीला बाईपास के नजदीक कबीर कॉलोनी में किराये पर रहने वाले श्रमिक आकाश ने बताया कि वह रविवार सुबह काम पर जा रहा था। लाढ़ोत रोड पर पहुंचा तो कार ने टक्कर मार दी। साथी श्रमिकों ने उसे अस्पताल में दाखिल कराया। पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कलानौर के खैरडी मोड पर हुई दुर्घटना में श्रतिग्रस्त कार। संवाद