रोहतक। शहर में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत राजकीय महिला कॉलेज, जाट कॉलेज व ताऊ देवीलाल पार्क के नजदीक फुटओवर ब्रिज बनने की उम्मीद जगी है। सोमवार को डीसी एवं निगम आयुक्त अजय कुमार ने अधिकारियों की बैठक लेकर जल्द ओवरब्रिज बनाने की हिदायत दी। डेढ़ साल पहले इसके वर्क आर्डर जारी हुए थे।
नवंबर 2022 में नगर निगम के मेयर मनमोहन गोयल व निगम के तत्कालीन आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने अधिकारियों की बैठक ली थी। बैठक में मेयर मनमोहन गोयल ने प्रस्ताव रखा था कि सोनीपत के नजदीक राजकीय महिला कॉलेज की छात्राओं को सड़क पार करने में काफी परेशानी होती है। रोजाना सैकड़ों छात्राएं कॉलेज में आती हैं। कई बार छात्राएं खतरा उठाकर ग्रिल के पास से सड़क पार करती है। दूसरा जाट कालेज के सामने भी छात्रों को सड़क पार करने में काफी दिक्कत रहती है। क्योंकि एक तरफ जाट कॉलेज है, दूसरी तरफ मैदान व जाट संस्था के दूसरे संस्थान हैं। दोनों कॉलेज के सामने से गुजरने वाले वाहनों की संख्या ज्यादा है। तीसरा सेक्टर-14 से ताऊ देवीलाल पार्क में घूमने के लिए हर रोज सैकड़ों लोग जाते हैं। सेक्टर-14 व सेक्टर एक स्थित ताऊ देवीलाल पार्क को फुटओवर ब्रिज से जोड़ा जाएगा तो लोगों को सैर करने में काफी आसानी रहेगी। उनको एक किलोमीटर के करीब घूमकर पार्क नहीं जाना पड़ेगा। तीनों जगह फुटओवर ब्रिज बनाने का प्रस्ताव मंजूर कर भेजा गया था। अब तीनों फुटओवरब्रिज का शुरू होने की संभावना जगी है।
20 साल बाद निगम को सौंपेगा ठेकेदार ओवरब्रिज
पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत ठेकेदार तीनों फुटओवर ब्रिज बनाएगा। इसके लिए निगम को कोई राशि नहीं देनी है। 20 साल तक ठेकेदार फुटओवर ब्रिज पर विज्ञापन प्रकाशित कर अपनी लागत राशि निकालेगा। तय अवधि के बाद तीनों फुटओवरब्रिज नगर निगम के हवाले करेगा।
डीसी ने ली अधिकारियों की बैठक, बिजली निगम की एनओसी निकलवाई
सोमवार को निगम आयुक्त अजय कुमार ने फुट ओवरब्रिज को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में निगम के संयुक्त आयुक्त विजय मलिक, कार्यकारी अभियंता अमित कुमार, सीटीएम अंकित कुमार व दूसरे विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। ज्यादातर विभाग से एनओसी मिल गई थी, लेकिन बिजली निगम की एनओसी अभी बाकी थी। डीसी ने अधिकारियों से बात करके एनओसी निकलवाई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जल्द काम शुरू कर दिया जाए। ताकि लोगों को राहत मिल सके।
हाउस में प्रस्ताव पास करके योजना आगे बढ़ाया था। तीनों फुटओवर ब्रिज बनने से शहरवासियों को राहत मिलेगी। काम शुरू करवाने में इतना लंबा समय क्यों लगा, यह तो अधिकारी ही बता सकते हैं।
मनमोहन गोयल, मेयर नगर निगम
नगर निगम ने तीनों फुट ओवरब्रिज बनाने के लिए वर्क आर्डर पहले से जारी हो गए थे। एक ही कंपनी तीनों फुट ओवरब्रिज बनाएगी। इसके लिए 20 साल तक ठेकेदार विज्ञापन प्रकाशित कर लागत राशि निकालेगा। बाद में निगम को सौंप देगा।
अमित कुमार, कार्यकारी अभियंता नगर निगम