माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। शहर के पुराना आईटीआई मैदान में खड़ी सात कारों के शीशे तोड़ने व सामान चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों गांधी कैंप निवासी प्रिंस, प्रेम व साईंदास कॉलोनी गोहाना अड्डा निवासी तुषार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से सामान की बरामदगी की जानी है।
व्यापार मंडल के जिला प्रधान सतीश प्रजापति का कहना है कि एएसपी वाईवीआर शशि शेखर से मुलाकात के बाद ही पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को पकड़ा है।
इससे पहले बुधवार को पीड़ित व्यापारी कार्रवाई को लेकर एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया से मिलने पहुंचे। एसपी की अनुपस्थिति में एएसपी वाईवीआर शशि शेखर से मुलाकात हुई। एएसपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। आरोपियों को वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
प्रभारी थाना आर्य नगर पीएसआई बिजेंद्र ने बताया कि 27 जनवरी की रात सूचना मिली कि तीन अज्ञात युवकों ने कुछ गाड़ियों में तोड़फोड़ की है। पुलिस मौके पर पहुंची। पटेल नगर निवासी गर्वित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 26 जनवरी की रात गर्वित ने अपनी कार पुराना आईटीआई मैदान में शराब ठेके के पास खड़ी की थी। अगली सुबह उनकी कार के शीशे टूटे मिले। गाड़ी से स्क्रीन, बुफर, एंप, छोटा स्पीकर व अन्य सामान चोरी मिला। उनकी कार के आसपास खड़ी अन्य कारों के भी शीशे टूटे मिले।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले तो संदिग्ध युवकों के चेहरे सामने आए। आरोपियों की शिनाख्त के प्रयास किए गए। गिरफ्तार इनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है।
शिकायत वापस लेने का बनाया जा रहा था दबाव
कारों के शीशे तोड़कर सामान चुराने के मामले में रात आर्य नगर थाने में सही व्यवहार नहीं किया गया। हमें सामान वापस दिलाने की बात कहकर केस वापस लेने का दबाव बनाया गया। केस तक दर्ज करने से इन्कार किया जा रहा था। बुधवार को एएसपी वाईवीआर शशि शेखर से मुलाकात के बाद केस दर्ज होने के साथ आरोपी भी पकड़े गए। इनसे कुछ सामान बरामद हुआ है।
- सतीश प्रजापति, जिला प्रधान, व्यापार मंडल
कारों में तोड़फोड़ में व्यापारियों ने एएसपी से मुलाकात की। यहां अपनी समस्या उनके सामने रखते हुए कार्रवाई की मांग की। इस पर एएसपी ने एफआईआर दर्ज कर लेने व उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इससे सभी संतुष्ट नजर आए। एसपी ने थाना प्रभारी को मामले में उचित कार्रवाई के लिए कहा।
- सूरज रसवंत, शहरी प्रधान, व्यापार मंडल
33...लघु सचिवालय में पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे व्यापार मंडल के व्यापारी। स्रोत : व्यापारी