कोरोना महामारी के बढ़ते खतरे से बचाव के लिए वैक्सीनेशन के लिए अभी और इंतजार करना होगा। प्रदेश में एक मई से शुरू होने वाला वैक्सीनेशन फिलहाल शुरू नहीं होने के कारण जल्द राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। सरकार की ओर से 18 वर्ष से अधिक उम्र वालों के वैक्सीनेशन को अभी हरी झंडी नहीं मिली है। इसकी वजह वैक्सीनेशन का शेड्यूल जारी नहीं होना है।
सरकार लोगों को महामारी से सुरक्षित रखने के लिए वैक्सीनेशन पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में 45 वर्ष से अधिक उम्र वालों को वैक्सीन लगाई जा रही है। महामारी के बढ़ते खतरे और वैक्सीनेशन की मांग को देखते हुए सरकार ने एक मई से 18 वर्ष से अधिक उम्र वालों को भी वैक्सीन लगाने की व्यवस्था बनाने का प्रयास शुरू किया। इसके लिए कोविन पोर्टल पर पंजीकरण भी चल रहा है। वैक्सीन लगवाने के इच्छुक लोग बढ़-चढ़ कर पंजीकरण भी करवा रहे हैं। पंजीकरण की यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो रही है। लोगों का कहना है कि आधार नंबर देने के बाद दूसरे स्टेप में जरूरी जानकारी भरने के बाद तीसरे स्टेप में समय नहीं मिल रहा है। शेड्यूल पर क्लिक करने के बाद कुछ ग्रामीण इलाकों की सीएचसी-पीएचसी पर ही अलग-अलग उम्र के लोगों के लिए वैक्सीनेशन का समय नजर आता है। शेष लोगों के लिए कोई शेड्यूल अभी नहीं बना है। इस कारण लोगों को वैक्सीन लगवाने का समय भी नहीं मिल पा रहा है।
महामारी से बचाव के लिए एक मई से शुरू होने वाला वैक्सीनेशन अभी शुरू नहीं हो रहा है। मुख्यालय से निर्देशों का इंतजार है। वहां से निर्देश मिलते ही वैक्सीनेशन शुरू कर दिया जाएगा।
- डॉ. परितेव सिंह, नोडल अधिकारी, टीकाकरण