गर्मी में 22 क्षेत्र के करीब 50 हजार उपभोक्ताओं ने ओवरलोडिंग के कारण सबसे ज्यादा बिजली संकट झेला है। हालांकि अब बिजली निगम एक सप्ताह में इन उपभोक्ताओं को राहत देने जा रहा है। इसके तहत बिजली निगम 20 क्षेत्रों में 100 से 200 एमवीए (मेगा वोल्ट एंपियर) के ट्रांसफार्मर लगाएगा। दो क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर की क्षमता दोगुनी होगी। निगम का दावा है कि एक सप्ताह में सभी ट्रांसफार्मर लगाकर चालू कर दिए जाएंगे।
जिले में गर्मी के दौरान बिजली की खपत 520 मेगावाट पहुंच गई थी, जो 15 से 20 दिन रही। बिजली खपत बढ़ने से ओवरलोडिंग हुई और ट्रांसफार्मरों में फाल्ट व ट्रिप की समस्या बढ़ गई। फाल्ट सही करने के लिए चार से पांच घंटे तक अघोषित बिजली कटौती की गई। कई जगह तार फुंके तो कहीं फाल्ट हुए। हालांकि बारिश की वजह से तापमान कम होने से बिजली की खपत भी कम हो गई है। वहीं, बिजली निगम ने ओवरलोडिंग से बिजली संकट झेलने वाले क्षेत्रों की सूची बनाई। इससे पता चला कि 22 इलाकों के करीब 50 हजार उपभोक्ताओं को काफी बिजली की समस्या झेलनी पड़ी है। चिह्नित क्षेत्रों के लोगों को राहत देने के लिए बिजली निगम ने 20 जगह 100 से 200 एमवी के नए ट्रांसफार्मर लगाने और दो क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों की क्षमता दोगुनी करने का फैसला किया है। सूत्रों का कहना है कि चिह्नित स्थानों पर ट्रांसफार्मर लगाने का काम सोमवार से शुरू होगा। एक सप्ताह के अंदर सभी ट्रांसफार्मर लगाकर चालू कर दिए जाएंगे।
हर साल बढ़ती है 15 फीसदी बिजली खपत
निगम के अनुसार बिजली की खपत हर साल गर्मी में 15 फीसदी बढ़ती है। वजह, नए कनेक्शन अथवा घरों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग बढ़ना है। यही नहीं, निगम रिकॉर्ड के अनुसार हर माह औसतन 200 से 300 कनेक्शन जारी होते हैं। वहीं, हर बार गर्मी में ओवरलोडिंग होती है। लोगों को बिजली संकट न झेलना पड़े, इसलिए जनवरी में ही ट्रांसफार्मरों व लाइनों की मरम्मत की डिटेल बनती है। मार्च से प्लानिंग को कार्यरूप दिया जाता है, जो अप्रैल के पहले सप्ताह तक पूरी करनी होती है।
यहां लगेंगे बड़ी क्षमता के नए ट्रांसफार्मर
कमला नगर 100 एमवीए, डीएलएफ कॉलोनी 100 एमवीए, चिन्योट कॉलोनी 100 एमवीए, देव कॉलोनी 100 एमवीए, गांधी कैंप 100 एमवीए, ओल्ड आईटीआई ग्राउंड 100 एमवीए, श्रीनगर कॉलोनी 100 एमवीए, राजेंद्र कॉलोनी 100 एमवीए, राजेंद्र कॉलोनी 100 एमवीए, सेक्टर-दो 200 एमवीए, जसबीर कॉलोनी 200 एमवीए, सेक्टर दो-तीन का पार्ट एरिया में 200 एमवीए, सुनारिया रोड पर 200 व 100 एमवीए के दो, इंदिरा कॉलोनी 100 एमवीए, महाजन पड़ाव 100 एमवीए, नेहरू कॉलोनी 100 एमवीए, शौरी मार्केट 100 एमवीए, झज्जर रोड 200 एमवीए, रैनकपुरा में 100 एमवीए।
इन एरिया के ट्रांसफार्मरों की बढ़ेगी क्षमता
33केवी सब स्टेशन हुडा कॉम्प्लेक्स एरिया में 100 एमवीए से बढ़ाकर 200 एमवीए, कबीर कॉलोनी में 100 एमवीए से बढ़ाकर 200 एमवीए।
ओवरलोडिंग से शहर के 22 इलाकों के लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ा था। इससे राहत दिलाने के लिए 20 स्थानों पर 100 से 200 एमवीए के नए ट्रांसफार्मर लगेंगे। दो स्थानों पर ट्रांसफार्मरों की क्षमता दोगुनी होगी। करीब 50 हजार उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। एक सप्ताह में सभी ट्रांसफार्मर लगा दिए जाएंगे।
- मेहताब सिंह, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम