रोहतक जिला कोर्ट परिसर की पार्किंग में बदलाव होगा। बुधवार से कोर्ट की तरफ डीसी आवास के साथ-साथ वाहन खड़े होंगे, जबकि लघु सचिवालय की तरफ सड़क मार्ग खुलेगा। जबकि सोनीपत स्टैंड से कोर्ट परिसर गोल चक्कर की तरफ आने वाले मार्ग की दोनों लेन वाहनों के आवागमन के लिए खुलेंगी।
सोमवार को डीसी कार्यालय में डीसी, एसपी, निगम आयुक्त व जिला बार एसोसिएशन के प्रधान ने एक घंटे तक नई पार्किंग व्यवस्था पर मंथन किया। ट्रायल बुधवार से 10 दिन के लिए चलेगा। व्यवस्था कारगर रही तो उसे आगे बढ़ाया जाएगा।
जिला बार की ओर से कराए गए सर्वे के मुताबिक जिला कोर्ट परिसर में हर रोज 10 हजार से ज्यादा लोग आते हैं। इसमें 1500 के करीब तो अकेले वे वकील हैं, जो सक्रिय तौर पर प्रैक्टिस करते हैं। इसके अलावा न्यायिक अधिकारी व कर्मचारी, पुलिसकर्मी, हवालाती से लेकर आम लोग तक शामिल हैं।
ऐसे में वाहनों के लिए पार्किंग की समस्या गहराती जा रही है। जिला बार चुनाव में भी पार्किंग एक अहम मुद्दा रही। समस्या के समाधान के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कोर्ट परिसर के बाहर कैनाल रेस्ट हाउस चौक से लेकर गोल चक्कर तक लघु सचिवालय की तरफ का मार्ग वाहनों की पार्किंग के लिए बंद किया है, जबकि डीसी आवास की तरफ का मार्ग खुला है, लेकिन वाहनों की संख्या ज्यादा होने के कारण अब भी दाएं बायें वाहन खड़े हो रहे हैं।
कोरोना पर मंथन कर रहे थे अधिकारी, बार प्रधान ने पार्किंग की समस्या रखी
ओमिक्रॉन के बढ़ते केस को लेकर सोमवार को डीसी, एसपी व निगम आयुक्त रोकथाम के नियमों पर मंथन कर रहे थे। साथ में जिला बार के प्रधान लोकेंद्र फौगाट उर्फ जोजो को भी बुलाया गया था। कोरोना पर मंथन के बाद बार प्रधान ने अधिकारियों के सामने कोर्ट परिसर चौक की पार्किंग की समस्या रखी और समाधान की मांग की। एक घंटे के मंथन के बाद तय हुआ कि 10 दिन के लिए नई पार्किंग व्यवस्था ट्रायल के तौर पर लागू की जाए।
ये किया गया कोर्ट परिसर चौक की पार्किंग में ट्रायल के तौर पर बदलाव
- डीसी आवास की तरफ सड़क मार्ग की चौड़ाई ज्यादा है, ऐसे में बुधवार से उस तरफ वाहन खड़े होंगे।
- लघु सचिवालय की तरफ का मार्ग वाहनों के लिए खुलेगा। न्यायिक अधिकारियों की गाड़ियों के आवागमन के लिए गेट नंबर 4 के सामने से डिवाइडर तोड़ा जाएगा।
- चार पहिया वाहन नए चैंबरों के सामने अंदर पार्किंग में भी खड़े होंगे। नगर निगम प्रशासन कोर्ट परिसर में सफाई करवाएगा।
- सोनीपत स्टैंड से कोर्ट की तरफ आने वाले मार्ग की दोनाें लेन वाहनों के आवागमन के लिए खुलेंगी। अभी एक लेन ही खुली है।
- कोर्ट परिसर चौक के पास स्थित शौचालय से लेकर सोनीपत स्टैंड तक सड़क व लघु सचिवालय के बीच की जगह में दोपहिया वाहन खड़े होंगे।
कोर्ट परिसर में आने वाले लोगों के लिए वाहन पार्किंग काफी गंभीर समस्या है। हर रोज 10 हजार के करीब लोग कोर्ट में आते हैं। इसमें वकील, जज, कोर्ट कर्मचारी, हवालाती से लेकर आम लोग भी शामिल हैं। डीसी, एसपी व निगम आयुक्त के साथ बैठक में गहराई से मंथन किया। तय हुआ कि बुधवार से 10 दिन के ट्रायल के लिए नई व्यवस्था लागू होगी। व्यवस्था कामयाब रही तो उसे आगे बढ़ाया जाएगा। - लोकेंद्र फौगाट उर्फ जोजो, प्रधान जिला बार एसोसिएशन