जेएलएन (जवाहरलाल नेहरू) नहर में बंध नहीं लगाने के कारण जनस्वास्थ्य विभाग ने बुधवार से पेयजल सप्लाई एक वक्त करने का फैसला लिया है। होली पर लोगों को पानी का संकट नहीं झेलना पड़े, इसलिए अभी से कटौती की जा रही है। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता का कहना है कि त्योहार पर लोगों को पानी की ज्यादा दिक्कत न हो, इसलिए कटौती की गई है।
फिलहाल जनस्वास्थ्य विभाग के जलघरों में बीएसबी (भालौठ सब ब्रांच) नहर से पानी आ रहा है, जो 17 मार्च को बंद हो जाएगा। जेएलएन नहर बंद होते समय जनस्वास्थ्य विभाग ने कन्हैली के पास नहर में बंध लगाने का प्रयास किया मगर सिंचाई विभाग ने रोक दिया। यदि बंध लगता तो जनस्वास्थ्य विभाग त्योहार पर समुचित पानी आपूर्ति करता। होली का त्योहार 28 मार्च को है और इस दिन शहर में पानी की मांग काफी होगी। त्योहार पर समुचित पानी आपूर्ति करने के कारण बुधवार से पानी सप्लाई में कटौती कर दी जाएगी। अब शहरवासियों को एक वक्त ही 40-50 मिनट पानी मिलेगा। इससे शहरवासियों को फिर से पेयजल संकट से जूझना होगा। जनस्वास्थ्य विभाग के जूनियर इंजीनियर अमित रोहिल्ला ने बताया कि बुधवार से दोनों समय के बजाय सिर्फ एक समय ही पानी की आपूर्ति होगी। वहीं इस बारे में अधिशासी अभियंता भानुप्रकाश का कहना है कि पानी आपूर्ति में कटौती की वजह त्योहार पर पानी की मांग को पूरा करना है। होली के त्योहार पर दोनों समय पानी की आपूर्ति की जाएगी ताकि लोगों को परेशानी न हो।