माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। विशाल नगर से शनिवार को चेन झपटकर भागे स्कूटी सवार सोनीपत के विकास नगर निवासी बिजेंद्र वर्मा को भीड़ ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित महिला की ओर से लिखित शिकायत न देने पर पुलिस ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर मिली सूचना के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। रविवार को आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि शनिवार को विशाल नगर निवासी मंदीप ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दी थी कि उसकी गली की महिला नीलम की चेन स्कूटी सवार एक युवक झपटकर फरार हो गया है। सूचना पर ईआरवी मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू की।
इसी दौरान मंदीप, पवन, महिला नीलम, अमन तथा रामगोपाल कॉलोनी निवासी अमित नया बस स्टैंड पुलिस चौकी पहुंचे और बताया कि विशाल नगर से चेन झपटकर भागे युवक को आजादगढ़ स्थित मिशन अकादमी के पास पकड़ लिया गया है।
आरोपी की पहचान सोनीपत जिले के गांव चिटाना निवासी तथा वर्तमान में विकास नगर, सोनीपत निवासी बिजेंद्र वर्मा के रूप में हुई। शिकायतकर्ता मंदीप और महिला नीलम ने बाद में लिखित शिकायत देने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने ईआरवी-587 का रिकॉर्ड निकलवाकर 112 पर प्राप्त सूचना के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही स्कूटी और छीनी गई चेन भी बरामद कर ली गई।