रोहतक। परिवार पहचान पत्र आम आदमी के लिए आफत बन गया है। मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक में पार्षदों ने बताया कि बिना किसी ठोस वजह के बीपीएल राशन कार्ड काटे जा रहे हैं। एक बुजुर्ग महिला के पास घर में साइकिल तक नहीं है, लेकिन कार बताकर बीपीएल परिवारों की सूची से नाम काट दिया गया। इसके बावजूद अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं।
....
केस-एक : बेटा कर चुका है सुसाइड, पति दिव्यांग, फिर भी काट दिया कार्ड
गांधी कैंप निवासी कमलेश ने बताया कि उसकी उम्र 60 वर्ष तो पति बलदेव राज 70 साल के हैं। पति दिव्यांग हैं, जबकि बेटा अनुज चार साल पहले नहर में कूदकर आत्महत्या कर चुका है।
आठ साल पहले उनका बीपीएल राशन कार्ड बना था। तीन दिन पहले काट दिया गया। पूछने पर पता चला कि परिवार पहचान पत्र के रिकॉर्ड में एक कार चढ़ी हुई है। अधिकारी अब उनसे एनओसी मांग रहे हैं।
....
केस-दो : पहले मां की सरकारी नौकरी, अब घर में चारपहिया वाहन बताकर काटा राशन कार्ड
गांधी कैंप निवासी गोपाल चावला ने बताया कि पिता सुरेश चावला के साथ वह रेहड़ी लगाते हैं। उनकी मां 65 वर्षीय कांता देवी को दो साल पहले सरकारी कर्मचारी बताकर राशन कार्ड काट दिया गया।
एडीसी कार्यालय में शिकायत करने पर दोबारा राशन कार्ड चालू हुआ, लेकिन अब 2017 में चारपहिया वाहन होने की बात कहकर राशन कार्ड काट दिया, जबकि बैंक वाले छह माह बाद ही वाहन उठाकर ले गए थे। घर में केवल स्थानीय विधायक बीबी बतरा की ओर से एक साल पहले दी गई साइकिल है।
केस-तीन : पति की मौत के तीन साल बाद भी नहीं मिले 20 हजार रुपये
चिन्योट कॉलोनी निवासी रानी ने बताया कि चार साल पहले उनके पति मदनलाल का उच्च रक्तचाप के कारण देहांत हो गया था। बीपीएल परिवार होने के कारण आकस्मिक मौत पर 20 हजार रुपये मिलते हैं, लेकिन राशि नहीं मिली। समाज कल्याण विभाग में पूछा तो बताया गया कि अब पैसे आएंगे तो बता देंगे।
.....
कॉन्फ्रेंस हाॅल में मरा मिला चूहा, कैनाल रेस्ट हाउस में करनी पड़ी बैठक
12 जून को नगर निगम सदन की बैठक में तय हुआ था कि बीपीएल व पेंशन संबंधी समस्याओं को लेकर मंगलवार को पार्षद व दोनों विभागों के अधिकारियों की बैठक होगी। दोपहर करीब 12 बजे जिला विकास भवन के कॉन्फ्रेंस हाॅल में आठ पार्षद व दोनों विभागों के अधिकारी पहुंचे, लेकिन चूहा मरने के कारण बदबू फैली थी।
निगम आयुक्त डॉ. आनंद शर्मा से बात करके कैनाल रेस्ट में बैठक हुई। इसमें पहुंचे पार्षद कपिल नागपाल, अनीता मिगलानी, डिंपल जैन, मुक्ता नागपाल, कृष्णा देवी, बेबी रोहिल्ला, बिजेंद्र बैरागी व ज्योति ने परिवार पहचान पत्र व बीपीएल कार्ड को लेकर शिकायतें रखीं। पार्षदों ने बताया कि बैठक 10 मिनट खत्म हो गई। अधिकारी बोले, पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है।
आम लोग परिवार पहचान पत्र व बीपीएल कार्ड कटने से परेशान हैं। सरकार सही तरीके से जांच करवाकर कार्रवाई नहीं करती। बेवजह लोगों को परेशान किया जा रहा है। बैठक में अधिकारियों ने ठोस जवाब नहीं दिया।
- अनीता मिगलानी, पार्षद, नगर निगम
.......
10 मिनट में बैठक खत्म, सरकारी योजनाओं की किताब थमा दी
बैठक में खानापूर्ति की गई है। अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। समाज कल्याण विभाग की तरफ से सरकारी योजनाओं की सूची दे दी गई। डाॅ. बीआर आंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना के बारे में बताया, लेकिन उसका पोर्टल अभी बंद है।
..........
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा व क्रीड जिला प्रभारी दीपिका ने पार्षदों के सवालों का जवाब दिया। निगम की तरफ से केवल बैठक का आयोजन कराया गया था।
- जितेंद्र कुमार, डीएमसी नगर निगम
17सीटीके22 : गांधी कैंप निवासी बुजुर्ग महिला कमलेश। स्रोत पाठक
17सीटीके22 : गांधी कैंप निवासी बुजुर्ग महिला कमलेश। स्रोत पाठक