मानसून में लगी सावन की झड़ी ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है। रविवार अल सुबह हुई हल्की बारिश के बाद दिन भर रुक-रुककर बूंदाबांदी जारी रही। मौसम विभाग के मुताबिक, 14 एमएम बारिश हुई। इस सुहावने मौसम में लोग अपने बच्चों के साथ छुट्टी मनाने तिलयार पर्यटन केंद्र पहुंचे।
रविवार को दिन भर मौसम सुहावना बना रहा। अल सुबह हुई बारिश के बाद बादल छाए रहे। बीच-बीच में बूंदाबांदी जारी रही। दोपहर करीब एक बजे हल्की बारिश हुई। इससे दिन के समय हवा में नमी बढ़ने से आईएमटी इलाके में हलके कोहरे सा नजारा दिखाई दिया। बारिश के चलते जिले में रविवार को अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन का तापमान सामान्य से नौ डिग्री व रात का तापमान सामान्य से एक डिग्री कम बना हुआ है। दिन व रात के तापमान लगभग एक सामान रहा। इसमें दो डिग्री का अंतर रहा। ऐसे में दिन व रात एक तरह का ही मौसम रहा। इस सुहाने मौसम में तिलयार पर्यटन केंद्र पर पर्यटकों की भीड़ लगी रही। बच्चों के साथ छुट्टी मनाने आए अभिभावकों ने लघु चिड़ियाघर की सैर करते हुए मौसम की खुमारी में डूबे शेर, बाघ, तेंदुआ, भालू व अन्य जीवों को देखते हुए खुशनुमा पल बिताए।