संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर के पंजाबी भवन में शुक्रवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस एवं संकल्प संगोष्ठी का आयोजन भाजपा जिलाध्यक्ष डाॅ. वंदना पोपली की अध्यक्षता में किया गया। इस मौके पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि विभाजन की त्रासदी केवल ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि यह चेतावनी है कि जब समाज में विभाजनकारी ताकतें हावी होती हैं तो उसका मूल्य निर्दोष नागरिकों को चुकाना पड़ता है।
हांसी विधायक विनोद भयाना ने कहा कि विभाजन के उस दर्दनाक इतिहास को नमन करने और शहीदों की स्मृतियों को संजोने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 14 अगस्त 1947 को देश के बंटवारे के दौरान विस्थापन का दर्द झेलने वाले लोगों की याद में ये दिन मनाया जाता है।
उन्होंने उपस्थित लोगों को 14 अगस्त को फरीदाबाद में विभाजन विभिषिका पर राज्यस्तरीय होने वाले कार्यक्रम का भी निमंत्रण भी दिया। कहा कि कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश के मंत्रीगण व विधायक सहित वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
हिसार के मेयर प्रवीन पोपली व कार्यक्रम के जिला प्रमुख हरविंद कोहली और विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने भी विभाजन की त्रासदी पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में 1947 से पूर्व जन्मे लगभग 30 बुजुर्गों का शाॅल ओढ़ाकर भी सम्मान किया गया जिन्होंने देश के बंटवारे के दौरान विस्थापन का दर्द झेला था। कार्यक्रम का मंच संचालन महामंत्री पंडित हिमांशु पालीवाल ने किया।
इस अवसर पर कुलपति असीम मिगलानी, कृष्ण इंजीनियर, डॉ. सतीश खोला, रामपाल यादव, एडवोकेट नितेश अग्रवाल, विधायक डाॅ. कृष्ण कुमार मौजूद रहे।