रोहतक। जेल रोड पर 13 जनवरी को मृत मिले 29 कुत्तों के मामले में एसडीएम आशीष कुमार के नेतृत्व में गठित टीम मंगलवार को जांच रिपोर्ट सौंपेगी। हालांकि, अभी तक कुत्तों की मौत के रहस्य से पर्दा नहीं उठा है। पशु चिकित्सकों की ओर से किए गए पोस्टमार्टम में मौत का कारण ठंड व रक्त में इंफेक्शन माना जा रहा है लेकिन जहरीले पदार्थ से भी उन्होंने इन्कार नहीं किया है।
वहीं, इस मामले में शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस में नैन फाउंडेशन के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज है। पुलिस की ओर से विसरा जांच के लिए लैब में भेजा हुआ है। इसकी रिपोर्ट का इंतजार है।
उधर, फाउंडेशन के पूर्व कर्मी ने एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर में कुत्तों को भूखा रखने के आरोप लगाए हैं। इसके चलते भूखे कुत्ते एक-दूसरे को नोच लेते थे। इस मामले में एसडीएम आशीष का कहना है कि जांच की जा रही है और मंगलवार को इसकी जांच रिपोर्ट निगम आयुक्त डॉ. आनंद शर्मा को सौंप दी जाएगी।