माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। प्रदेश में पहली बार मिक्स्ड टीम टेबल टेनिस टूर्नामेंट का शानदार आगाज शनिवार को राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में हुआ। खेल विभाग की जिला टेबल टेनिस कोच भावना सैनी की ओर से कराई जा रही इस चैंपियनशिप का उपायुक्त सचिन गुप्ता ने शुभारंभ किया। चैंपियनशिप में पहले दिन रोमांचक मुकाबले हुए।
उपायुक्त ने खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए निवेशकों से खेल क्षेत्र में अधिक से अधिक निवेश का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन जरूरी है। ऐसी प्रतियोगिताएं जिले में मजबूत, समावेशी व सकारात्मक खेल संस्कृति विकसित करने में भी मददगार साबित होती है।
उन्होंने कहा कि टेबल टेनिस लीग की सफलता के आधार पर जिले में सभी प्रमुख खेलों में इसी प्रकार के कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इससे जमीनी स्तर पर खेलों में भागीदारी मजबूत होगी। इसी कड़ी में जिला प्रशासन 23 जनवरी से खेलो रोहतक का शुभारंभ करने की योजना बना रहा है।
पहले दिन ग्रुप लीग के मैच खेले गए
कोच भावना सैनी ने कहा कि पहले दिन ग्रुप लीग के मैच खेले गए। शुरुआती मुकाबलों में फ्रेंड्स टेबल टेनिस क्लब, श्रीराम सेना, सिक्स डिग्री टेबल टेनिस क्लब, टीम ग्लेडिएटर्स ने मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
ये टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं
फ्रेंड्स स्पोर्ट्स टीटीसी, टाइटंस टीटीसी बी, श्रीराम सेना, प्रो स्टार टीटीसी एसीई अटैकर्स, टीम ग्लेडिएटर टीटीसी, टाइटंस टीटीसी ए व सिक्स डिग्री प्रोग्रेसिव टीम क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई हुई हैं। इनके मैच रविवार को होंगे। चैंपियनशिप में 16 टीमें भाग ले रही हैं। जीतने वाली टीम को 21,000 रुपये का इनाम दिया जाएगा।
इस मौके पर खेल मंत्री के सलाहकार संदीप पाराशर, खेल उपनिदेशक सुनीता खत्री, जिला खेल अधिकारी प्रदीप, प्राचार्य डॉ. शमशेर सिंह हुड़ा, स्कॉलर्स रोजरी स्कूल के डायरेक्टर रवि गुगनानी, हरियाणा टेबल टेनिस एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विकास सैनी, बसंत मौजूद रहे।
45...रोहतक के राजकीय स्नातककोतर महिला महाविद्यालय में मिक्स्ड टीम टेबल टेनिस टूर्नामेंट के मैच