04जेएनडी34: रोहतक रोड पर डॉ. रजनीश जैन गड्डे पर मिट्टी के कट्टे रखवाते हुए। स्रोत : राहगीर
जींद। शहर की रोहतक रोड पर बुधवार को बालाजी अस्पताल के सामने अचानक सड़क धंस गई। सड़क धंसने के बाद करीब 20 फीट गहरा गड्ढा दिखाई दिया जिससे किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बन गई। गनीमत रही कि समय रहते अस्पताल कर्मचारियों की नजर इस पर पड़ गई और उन्होंने तत्काल राहत कार्य शुरू कर आमजन को संभावित हादसे से बचा लिया।
बालाजी अस्पताल के कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए उन्होंने कट्टे भरकर गड्ढे के आसपास लगाए और सांकेतिक संकेत लगाकर वाहनों व राहगीरों को सावधान किया। अस्पताल के संचालक डॉ. रजनीश जैन ने स्वयं मौके पर पहुंचकर देर रात तक व्यवस्था संभाली। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद प्रशासन काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई।
रोहतक रोड पर सड़क की हालत पिछले कई वर्षों से खराब है। सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर वे कई बार प्रशासन के सामने अपनी आवाज उठा चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थाई समाधान नहीं किया गया। यही कारण है कि अब सड़क धंसने जैसी गंभीर घटनाएं सामने आ रही हैं।
इससे पहले भी बीएसएनएल कार्यालय के सामने सड़क धंस चुकी है जिससे राहगीरों की जान को खतरा बना हुआ है। डॉ. रजनीश जैन ने प्रशासन से मांग की है कि रोहतक रोड की तुरंत जांच कराई जाए। भूमिगत संरचनाओं की स्थिति स्पष्ट की जाए और सड़क का मजबूत पुनर्निर्माण किया जाए, ताकि आमजन सुरक्षित रह सके।