संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। मानसून को लेकर सरकारी विभागों ने पौधे लगाने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। जन स्वास्थ्य विभाग ने इस मानसून में 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए विभाग स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का सहयोग लेगा, जिनको विभाग की ओर से प्रारंभिक जानकारी दे दी गई है।
मानसून शुरू होने में करीब एक महीना शेष है। ऐसे में सरकारी विभागों ने केंद्र की पौधरोपण मुहिम के तहत पौधे लगाए जाने की तैयारी शुरू कर दी है। जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग की ओर से मिलने वाले पौधों को जिले के स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ''''एक पेड़ मां के नाम'''' मुहिम के तहत ये 10 हजार पौधे लगाए जाएंगे। वन विभाग के अनुसार इनकी संख्या बढ़ और घट भी सकती है। जन स्वास्थ्य विभाग की जिला सलाहकार अमरजीत कौर ने बताया कि एक प्रयास है कि हमारी मातृभूमि व प्रकृति के प्रति हमारे सम्मान और समर्पण को दर्शाता है। इस अभियान तहत जिला के 7 स्थानों पर स्वयं सहायता समूह की सदस्यों ने दौरा कर लिया है। पौधे मिलने की सूरत में इनके द्वारा लगाना सुनिश्चित किया जाएगा।
पहले चरण के लिए सात स्थान चिह्नित
जन स्वास्थ्य विभाग की जिला सलाहकार अमरजीत कौर ने बताया कि पहले चरण में सांपला एसटीपी, सांपला जलघर, पीजीआई एसटीपी, रोहतक जलघर-3, कलानौर जलघर, कलानौर एसटीपी व महम जलघर में पौधे लगाए जाएंगे। प्रथम चरण में जय माता दी, जय भीम, साई, उजाला, जय दुर्गा मां, सलोनी व बाबा साहब स्वयं सहायता समूह शामिल हैं। समूहों को प्राथमिक दौर में किट भेंट की गई है, साथ ही पौधे लगाने के लिए महिलाओं को मानदेय दिया जाएगा।
-
वर्जन
आगामी मानसून में विभाग की ओर से पौधे लगाने की तैयारी की जा रही है। पहले चरण में सात स्थानों पर पौधे लगाने की जगह सुनिश्चित कर ली गई है।
- संदीप कुमार, कार्यकारी अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग।