नगर निगम हाउस की चार कमेटियों के लिए वेलेंटाइन डे पर मेयर मनमोहन गोयल, सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल व डिप्टी मेयर अनिल कुमार द्वारा तैयार किया गया कमेटियों का प्रस्ताव आठ अप्रैल को हाउस की बैठक में रखा जाएगा। अगर किसी पार्षद के सुझाव व आपत्ति आई तो हाउस के अंदर ही उस पर विचार होगा। यह कहना है डिप्टी मेयर अनिल कुमार का। उनका दावा है कि किसी पार्षद ने अभी तक कोई आपत्ति नहीं जताई है। अगर आपत्ति आती है तो हाउस के अंदर ही उस पर सभी पार्षद मिलकर विचार करेंगे। नगर निगम एक्ट के तहत हाउस में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के अलावा पार्षदों की चार कमेटियां भी होती हैं। एक कमेटी वित्त व खरीद-फरोख्त, दूसरी कमेटी प्रॉपर्टी व विकास शुल्क, तीसरी कमेटी सीवरेज व पानी और चौथी कमेटी बिल्डिंग व सड़क निर्माण से जुड़े नगर निगम के कार्य देखेगी। वैसे तो हाउस के गठन के समय ही कमेटियों का गठन किया जा सकता है, लेकिन रोहतक नगर निगम में दो साल बाद सीनियर व डिप्टी मेयर का चुनाव करवाया गया। जबकि चारों कमेटियों का अभी तक गठन नहीं किया गया है।
चारों कमेटियों के गठन का प्रस्ताव हाउस की आठ अप्रैल को होने वाली बैठक में रखा जाएगा। सभी पार्षद सहमति से कमेटियों में शामिल होंगे। किसी तरह की अभी तक कोई आपत्ति नहीं आई है।
- मनमोहन गोयल, मेयर नगर निगम
14 फरवरी को मेयर मनमोहन गोयल के आवास पर सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर ने मिलकर चारों कमेटियों का खाका तैयार कर लिया था। सभी पार्षदों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। किसी तरह का कोई विवाद नहीं है। हाउस में प्रस्ताव पास करते समय अगर कोई सुझाव आता है तो उस पर भी विचार होगा।
- अनिल कुमार, डिप्टी मेयर, नगर निगम
ये है संभावित प्रस्ताव
वित्त कमेटी में मेयर मनमोहन गोयल, सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल, डिप्टी मेयर अनिल कुमार, महिला पार्षद कंचन खुराना व पार्षद कृष्ण सहरावत शामिल होंगे। जबकि प्रॉपर्टी से जुड़ी कमेटी के चेयरमैन वार्ड 4 के पार्षद धर्मेंद्र गुलिया होंगे। जबकि सड़क व बिल्डिंग कमेटी के चेयरमैन महिला पार्षद पूनम किलोई और सीवरेज व पानी से जुड़ी कमेटी का चेयरमैन वार्ड 6 के पार्षद सुरेश किराड़ को बनाने का प्रस्ताव है। वित्त कमेटी में मेयर सहित पांच पार्षद और बाकी तीनों कमेटियों में 6-6 पार्षद शामिल करने की तैयारी है।