26सीटीके25-एमडीयू में आयोजित साइन लैंग्वेज कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागी। स्रोत: एमडीयू
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के टैगोर सभागार में वीरवार को विशिष्ट व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। ये जीवन कौशल मंत्र विषय पर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के पूर्व अध्यक्ष डाॅ. वेद प्रकाश ने विद्यार्थियों के साथ विचार साझा किए। विद्यार्थियों को जीवन में सफलता पाने का रास्ता ज्ञान पथ व कर्म पथ से होकर जाने की जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि जीवन लक्ष्य के प्रति संपूर्ण समर्पण व फोकस ही सफलता का रास्ता प्रशस्त करेगा। हमें कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी हौसला नहीं खोना चाहिए। सफलता को जीवन में एक यात्रा बताते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से तन्मयता से नियमित अध्ययन करने, सामाजिक-सांस्कृतिक उदारता का परिचय देने व नैतिक मूल्य के साथ संवैधानिक मूल्यों का पालन करने का आग्रह किया। विशेष रूप से समय प्रबंधन के महत्व को भी अपने व्याख्यान में रेखांकित किया।
एमडीयू कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने आमंत्रित अतिथि वक्ता का स्वागत एवं अभिनंदन किया। विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एएस मान ने आमंत्रित वक्ता व कुलपति का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए कोई शॉर्टकट नहीं है। कार्यक्रम के प्रारंभ में अधिष्ठाता शोध एवं विकास प्रो. अरुण नंदा ने उनका जीवन परिचय दिया। कार्यक्रम में मंच संचालन सीसीपीसी निदेशक प्रो. दिव्या मल्हान ने किया। अधिष्ठाता, छात्र कल्याण प्रो. रणदीप राणा, कुलपति के सलाहकार प्रो. एके राजन, निदेशक आईक्यूएसी प्रो. बी. नरसिम्हन, संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी कार्यक्रम में शामिल रहे।