रोहतक। बारिश से किसानों के धान पर पड़ी मार के बाद प्रशासन हरकत में दिखाई दे रहा है। मंगलवार को मंडी के सचिव आढ़तियों से मिले और किसानों के धान कोे बारिश से बचाने के लिए प्रबंध करने के निर्देश दिए। दूसरी तरफ किसान बारिश में भीगे धान को दिनभर सुखाते रहे मगर रात में फिर से बारिश ने उसे भिगो दिया।
बारिश की वजह से धान काला पड़ गया है। कई जगह तो धान अंकुरित भी होने लगा है। मंडी में पड़ा धान बिना तिरपाल के ही भीग रहा है। इससे किसानों को नुकसान हो रहा है। किसानों की तरफ से भी मनमाने रेट पर धान खरीदने का मामला सामने आ रहा है। मंगलवार को मंडी में 385 क्विंटल धान की आवक हुई। अब तक 9744 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। 1009 क्विंटल धान का उठान हो चुका है। अब तक मंडी में कुल 28190 क्विंटल धान आ चुका है।
विज्ञापन
तीन दिन फसल बिकने का समय आया तो बारिश से फसल भीग गई। अब इसको पलट-पलटकर सुखा रहे हैं। मौसम की मार से धान भी काला पड़ गया है। -राजेंद्र, कबूलपुर
धान को बारिश से बचाने के लिए प्रबंध ही नहीं है। ऐेसे में सारी मार किसानों पर पड़ रही है। इससे धान की गुणवत्ता पर असर पड़ रहा है। बाद में उसे मनमाने ढंग से खरीदा जाता है। -जयदीप, रिटौली
चार दिन से मंडी में धान पड़ा है लेकिन खरीद नहीं हो रही है। अब बारिश में धान भीग गया। सरकार की तरफ से कोई व्यवस्था नहीं है। सोनीपत का रहने वाला हूं। धान भी काला पड़ गया है। -हरिराम, गोरड़।
किसानों की फसल सोमवार को भीगी थी। इसको लेकर सचिव ने धान को बारिश से बचाने का निर्देश दिए हैं लेकिन इसको लेकर किसानों की भी जिम्मेदारी बनती है। वे मौसम और फसल को अच्छे से सुखाकर लाएं। -मुकेश, प्रधान, आढ़ती एसोसिएशन।
सोमवार को बारिश में किसानों का धान भीगता रहा। इसको लेकर आढ़तियों से मिलकर व्यवस्था रखने के निर्देश दिए हैं। फसल को केवल नमी के तय मानक के आधार पर खरीदा जा रहा है। फसल में नमी ज्यादा मिलने के कारण खरीद में देरी हो रही है। कोई भी मनमाने रेट पर फसल नहीं खरीद सकता है। -दीपक लोहचब, सचिव, मार्केट कमेटी