संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि नई शिक्षा नीति लागू करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत रोजगारपरक, कौशल व नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति शैक्षणिक डिग्री देने तक सीमित नहीं है बल्कि यह युवाओं को आत्मनिर्भर व जिम्मेदार नागरिक बनाने का काम करती है।
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के टैगोर ऑडिटोरियम में आयोजित मॉडल स्कूल के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने नई शिक्षा नीति को वर्ष 2030 तक लागू करने का लक्ष्य रखा है लेकिन हरियाणा में इसे वर्ष 2025 में ही पूरी तरह से लागू कर दिया गया है। पुरस्कार वितरण समारोह में मॉडल स्कूल की उपलब्धियों की सराहना की और स्कूल के विकास के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति का उद्देश्य बच्चों को सिर्फ शिक्षित करना नहीं है बल्कि उन्हें हुनरमंद बनाने के साथ-साथ उद्यमिता की शिक्षा देना है ताकि बच्चे नौकरी मांगने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बन सके। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सम्मान व पुरस्कार देने तक सीमित नहीं है बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को बनाने के लिए एक सशक्त मंच है। कार्यक्रम में स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. अरुणा तनेजा ने बताया कि 40 से अधिक बच्चों को राज्य व राष्ट्र स्तरीय खेलों में विशिष्ट उपलब्धि के लिए प्रोत्साहन स्वरूप ग्यारह लाख रुपये की धनराशि वितरित की गई।
उन्होंने बताया कि 84 विद्यार्थियों को सिल्वर मेडल व अन्य विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र व नकद पुरस्कार भी दिए गए। इस दौरान पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, मॉडल एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष एवं उपायुक्त सचिन गुप्ता, उपाध्यक्ष रामअवतार गुप्ता, सचिव राजेश कुमार सहगल, भाजपा जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, नागेंद्र शर्मा, रामनिवास हुड्डा, रामअवतार गुप्ता, संजीव अग्रवाल व मार्किट कमेटी के चेयरमैन अशोक चौधरी आदि मौजूद रहे।